Sunday, July 12, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय हमले के शिकार जीएफएस गैलेक्सी से 23 नाविकों को बचाया गया :...

हमले के शिकार जीएफएस गैलेक्सी से 23 नाविकों को बचाया गया : ओमान

0
6

मस्कट, 12 जुलाई (आईएएनएस)। ओमान तट के पास हवाई हमले का शिकार मालवाहक पोत जीएफएस गैलेक्सी के 23 नाविकों को बचाने का दावा ओमान ने किया है। ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र (मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर) ने बताया कि मालवाहक जहाज के एक लापता चालक दल के सदस्य की तलाश अभी भी जारी है।

इससे पहले भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने हमले की निंदा करते हुए बताया था कि ईरानी हमले के बाद जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है।

भारत के विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक आधिकारिक बयान जारी किया। एमईए ने कहा, “जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से अब तक 10 को बचा लिया गया है, जबकि 1 भारतीय नागरिक के लापता होने की सूचना है।”

इसमें आगे कहा गया, “क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। भारत तनाव कम करने के लिए संवाद कायम करने के रुख पर कायम है। इसके साथ ही हम चाहते हैं कि जो राजनयिक कोशिशें और वार्ताएं जारी हैं, उन्हें तार्किक और शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाए ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस लाई जा सके।”

भारत ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करार दिया, साथ ही बचाव और राहत कार्य को लेकर ओमान का भी शुक्रिया अदा किया। कहा, “ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और चल रहे सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार कोऑर्डिनेट कर रहा है। हम ओमानी अधिकारियों को उनकी मदद के लिए धन्यवाद देते हैं।”

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक बयान में दावा किया कि रविवार सुबह होर्मुज पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने हमला कर साइप्रस के झंडे वाले शिप को नुकसान पहुंचाया जिससे वो आगे की यात्रा जारी नहीं रख सका। सेंटकॉम ने बताया कि जहाज का एक सदस्य लापता है।