Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात में दहेगाम एपीएमसी के नए सब्जी...

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात में दहेगाम एपीएमसी के नए सब्जी सब-यार्ड का करेंगे उद्घाटन

0
8

नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को गांधीनगर जिले के दहेगाम शहर में कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) के नए सब्जी उप-बाजार (सब-यार्ड) का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन मंडी समिति के ‘अमृत महोत्सव’ उत्सव के हिस्से के रूप में किया जा रहा है। इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य फोकस कृषि विपणन (मार्केटिंग), सहकारी विकास और किसानों के कल्याण पर रहेगा।

इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, दहेगाम एपीएमसी के अध्यक्ष सुमेरु अमीन, सहकारी क्षेत्र के प्रतिनिधि, एपीएमसी के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के विजन के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने, कृषि विपणन के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह दहेगाम एपीएमसी द्वारा विकसित नए सब्जी उप-बाजार का उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

इसके अलावा, केंद्रीय गृहमंत्री ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी करेंगे। यह केंद्र सरकार की राष्ट्रव्यापी पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को अपनी मां के सम्मान में एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अमित शाह दहेगाम एपीएमसी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी करेंगे और एपीएमसी बोर्ड के सदस्यों के साथ संवाद करेंगे।

कृषि उपज मंडी समितियां (एपीएमसी) किसानों को अपनी उपज पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से बेचने के लिए एक नियमित बाजार उपलब्ध कराती हैं। गुजरात में एपीएमसी कृषि जिंसों के विपणन और राज्य के सहकारी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) में इंटरपोल डिजिटल फॉरेंसिक एक्सपर्ट ग्रुप (डीएफईजी) की 11वीं बैठक का उद्घाटन करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 47 देशों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ कानून प्रवर्तन अधिकारी भाग लेंगे।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह तीन उत्कृष्टता केंद्रों (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस), एशिया की पहली ‘साइबर फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन वैन’ का उद्घाटन करेंगे तथा डिजिटल फॉरेंसिक और साइबर सुरक्षा से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ करेंगे।