पुणे, 13 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे जिले में सासवड-जेजुरी मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गईं। हादसा बेलसर टोल नाका से जेजुरी की ओर लगभग 500 मीटर दूर होटल शिपदीप लॉजिंग के सामने हुआ।
पुलिस के अनुसार, नांदेड़ जिले के लोहा से संबंधित रंगनाथ महाराज पोखरबिसीकर दिंडी के एक ट्रक ने महिलाओं को ग्रुप को टक्कर मारी। ये महिलाएं सांगली जिले के डिगराज कस्बा क्षेत्र की रहने वाली थीं। ये महिलाएं वारकरी समुदाय से जुड़ी हुई थीं।
ट्रक ने सात महिलाओं को कुचल दिया। उनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इससे पहले, पुणे में एक इमारत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। बताया गया कि पिंपरी-चिंचवड़ स्थित मोशी इलाके में कचरा (वेस्ट-टू-एनर्जी) प्रोजेक्ट के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत के गिरने से कई लोग मलबे में फंस गए थे। हादसे के बाद अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, पुलिस, आर्मी और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
सुरक्षित निकाले गए लोगों में विजय सपकाल, दादासाहेब आरडे, रणवीर सिंह, सोमनाथ शेलके, महेश राऊत, रामप्रताप चव्हाण, शुभम पाटील, सचिन दाबडगव और सुजाता शिंदे शामिल रहे। वहीं, मलबे से एक व्यक्ति को मृत अवस्था में निकाला गया था।
बताया गया कि इमारत गिरने के कारण बीम और स्लैब का टूटना था। स्लैब को काटकर एक रास्ता बनाया गया और अंदर फंसे लगाया को बचाया गया था।

