Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस 2026: प्रतियोगिताओं के जरिए लाल किले में समारोह देखने का...

स्वतंत्रता दिवस 2026: प्रतियोगिताओं के जरिए लाल किले में समारोह देखने का अवसर

0
8

नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस 2026 को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने युवाओं और नागरिकों के लिए दो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं शुरू की हैं। इनमें भाग लेने वाले प्रतिभागी 15,000 रुपए तक का नकद पुरस्कार जीत सकते हैं। यह पुरस्कार राशि जीतने के अलावा प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालो को स्वतंत्रता दिवस समारोह में जाने का मौका मिलेगा। विजेता प्रतियोगी 15 अगस्त को लाल किले में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि ‘विकसित भारत 2047 के निर्माण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका’ विषय पर राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसमें भाग लेने की अंतिम तिथि अब करीब है। इच्छुक प्रतिभागियों के पास अपनी प्रविष्टि भेजने के लिए केवल दो दिन का समय बचा है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को 500 से 600 शब्दों का निबंध लिखना होगा। सर्वश्रेष्ठ तीन प्रविष्टियों को 15,000 रुपए तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

इसके अलावा, शीर्ष 200 प्रतिभागियों को 15 अगस्त को लाल किले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का विशेष अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को यह विचार रखने का मंच प्रदान करना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में किस प्रकार और क्या क्या योगदान दे सकता है।

इसके साथ ही रक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की है। रक्षा मंत्रालय ने माईगव के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला की इस प्रतियोगिता का आयोजन किया है। यह प्रतियोगिता स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोहों के तहत आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का विषय ‘भारत 1947 बनाम भारत 2047’ रखा गया है। प्रतिभागियों को अपने चित्रों के माध्यम से स्वतंत्रता प्राप्ति के समय के भारत और विकसित भारत 2047 की कल्पना को प्रस्तुत करना होगा। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को भी 15,000 रुपए तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही चयनित प्रतिभागियों को 15 अगस्त 2026 को लाल किले में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखने का अवसर मिलेगा।

सरकार का मानना है कि इस कदम से युवाओं की रचनात्मकता को एक मंच मिलेगा। सरकार का मानना है कि निबंध और चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर सोचने और अपने विचार व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं। एक ओर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्र पर विचार रखने का मंच मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विकसित भारत के सपने को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर भी मिलेगा।

इच्छुक प्रतिभागी माईगव पोर्टल पर जाकर प्रतियोगिताओं से संबंधित दिशा-निर्देश, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। निबंध प्रतियोगिता और चित्रकला प्रतियोगिता दोनों के लिए ऑनलाइन प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। दरअसल, इन प्रतियोगिताओं को नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के जरिए स्वतंत्रता दिवस 2026 को जनभागीदारी का उत्सव बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।