Tuesday, July 14, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति दतिया में बदलाव की लहर, भाजपा सरकार से बेहद नाराज है जनता:...

दतिया में बदलाव की लहर, भाजपा सरकार से बेहद नाराज है जनता: घनश्याम सिंह

0
3

दतिया, 14 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज़ कर दिया है।

इस दौरान कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने दावा किया कि दतिया में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है और जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से नाराज है। उन्होंने कहा कि चुनाव हमेशा चुनौतीपूर्ण होते हैं, खासकर उपचुनाव, क्योंकि सत्ताधारी दल जीत सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करता है। इसके बावजूद कांग्रेस पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी।

नामांकन दाखिल करने के बाद घनश्याम सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा लंबे समय से भाजपा के प्रमुख नेताओं में रहे हैं, इसलिए उनका टिकट कटना स्वाभाविक रूप से चर्चा का विषय बना है। भाजपा से जनता खुश नहीं है आने वाले समय में इसका जवाब मिलेग।

घनश्याम सिंह ने कहा कि पिछला विधानसभा चुनाव नरोत्तम मिश्रा बहुत कम अंतर से हारे थे और मौजूदा उपचुनाव भी उसी चुनावी परिणाम की वजह से हो रहा है। वहीं, कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने भी नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह टिकट नहीं मिलने का दर्द अच्छी तरह समझते हैं क्योंकि वह स्वयं भी कई बार ऐसी स्थिति का सामना कर चुके हैं।

नायक ने बताया कि हाल ही में नरोत्तम मिश्रा भावुक नजर आए और उनके भाषण में उनका भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि मिश्रा ने दतिया के विकास के लिए कई काम किए हैं, हालांकि गलतियां हर व्यक्ति से होती हैं। उनके अनुसार, टिकट न मिलने की पीड़ा नरोत्तम मिश्रा की भावनाओं और उनके वक्तव्य में साफ दिखाई दी।

भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर अवधेश नायक ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस संबंध में कोई बातचीत नहीं चल रही है। उनके साथ लंबे समय से जुड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों की राय उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है और भविष्य में कोई भी फैसला उन्हीं की सलाह को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।