Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन लापता लेडीज’ फेम छाया कदम ने नंगे पैर पूरी की 20 किमी...

लापता लेडीज’ फेम छाया कदम ने नंगे पैर पूरी की 20 किमी की ‘वारी’ यात्रा

0
10

मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। फिल्म ‘लापता लेडीज’ से चर्चा में आईं अभिनेत्री छाया कदम ने महाराष्ट्र की प्रसिद्ध ‘वारी’ तीर्थयात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने सासवड से जेजुरी तक लगभग 20 किलोमीटर की दूरी हजारों वारकरियों (तीर्थयात्रियों) के साथ नंगे पैर तय की।

अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर यात्रा की झलकियां शेयर की हैं। तस्वीरों और वीडियो में वह पारंपरिक महाराष्ट्रीयन परिधान ‘नौवारी’ साड़ी में नजर आ रही हैं। उन्होंने पारंपरिक नथ, चोकर नेकलेस और माथे पर पीला तिलक भी लगाया हुआ है।

वीडियो में छाया कदम को हाईवे पर हजारों श्रद्धालुओं के साथ जेजुरी की ओर पैदल जाते देखा जा सकता है। एक अन्य क्लिप में वह एक श्रद्धालु से माथे पर तिलक लगवाती नजर आती हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने पालकी के समक्ष हाथ जोड़कर प्रार्थना की और अन्य वारकरियों का अभिवादन भी किया।

पोस्ट साझा करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, “दूसरी बार, मैंने सासवड से जेजुरी तक वारी पूरी की। वारी और वारकरी।”

सालाना पंढरपुर वारी महाराष्ट्र के वारकरी संप्रदाय की प्राचीन और प्रमुख वार्षिक तीर्थयात्रा है। इसमें लाखों श्रद्धालु भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए संत ज्ञानेश्वर और संत तुकाराम की पालखियों के साथ पैदल चलते हुए आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर पंढरपुर पहुंचते हैं।

‘वारी’ का अर्थ है किसी पवित्र स्थान की नियमित या बार-बार की जाने वाली यात्रा। यह तीर्थयात्रा आषाढ़ (जून-जुलाई) माह में आयोजित होती है और आषाढ़ी एकादशी पर संपन्न होती है।

छाया कदम मुख्य रूप से मराठी और हिंदी फिल्मों में अपने सशक्त अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत रंगमंच से की और बाद में फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई।