चेन्नई, 16 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम सरकार इन दिनों भ्रष्टाचार और कथित घूसखोरी के आरोपों को लेकर विपक्ष के निशाने पर है। डीएमके ने सरकार पर सरकारी वकीलों की नियुक्ति, पार्टी पदाधिकारी का रिश्वत लेते हुए वायरल वीडियो और विधायकों की खरीद-फरोख्त जैसे आरोप लगाए हैं। इस बीच दक्षिण भारतीय फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री वरलक्ष्मी सरथकुमार ने सीएम विजय के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है।
गुरुवार को वरलक्ष्मी सरथकुमार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ मुलाकात की एक तस्वीर पोस्ट की। थलापति! मैं काफी देर तक सोचती रही कि इस पोस्ट में क्या लिखूं, लेकिन फिर महसूस हुआ कि इस बारे में पहले ही बहुत कुछ कहा जा चुका है। इसलिए मैं सिर्फ एक बात कहना चाहती हूं। लोग सौ तरह की बातें करेंगे, लेकिन आखिरकार सी. जोसेफ विजय हमारे मुख्यमंत्री हैं और आगे भी इसी पद पर बने रहेंगे।
पोस्ट में लिखा है कि आलोचना करना आसान है, लेकिन पहली ही कोशिश में मुख्यमंत्री चुना जाना अपार साहस, दृढ़ संकल्प और तमिलनाडु की जनता के अथाह प्यार का प्रमाण है। आइए इस जिम्मेदार पद और जनादेश का सम्मान करें। कर्म हमेशा शब्दों से अधिक प्रभावशाली होते हैं। जो लोग लगातार कमियां निकालते हैं, समय उन्हें सच्चाई दिखा देगा। तब तक हमें धैर्य, सम्मान और प्रोत्साहन के साथ यह देखना चाहिए कि वह वास्तव में क्या हासिल करते हैं।
मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं सर। हमेशा करती आई हूं और हमेशा एक ‘विजय वेरियन’ (विजय की कट्टर प्रशंसक) रहूंगी। हमसे मिलने और इतना समय देने के लिए आपका धन्यवाद।
उन्होंने कैप्शन में ये भी लिखा, “‘सरकार’ फिल्म के सेट पर मैंने आपसे जो बात कही थी, उसे याद करके हम दोनों खूब हंसे। मुझे तभी महसूस हो गया था कि यही आपकी मंजिल है। आप हमेशा की तरह विनम्र और गर्मजोशी से मिलने वाले रहे। इस मुलाकात में हमें महिला कल्याण से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा करने का अवसर मिला। मुझे उम्मीद है कि तमिलनाडु के लोगों के लिए कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। ईश्वर आपको आशीर्वाद दे और आपके नेतृत्व में तमिलनाडु के लोग निरंतर प्रगति और समृद्धि प्राप्त करे।

