Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय उत्तराखंड: उत्तरकाशी में 3.5 तीव्रता का भूकंप, भटवाड़ी क्षेत्र में महसूस हुए...

उत्तराखंड: उत्तरकाशी में 3.5 तीव्रता का भूकंप, भटवाड़ी क्षेत्र में महसूस हुए झटके

0
12

उत्तरकाशी, 16 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में गुरुवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात 8:02 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 दर्ज की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र भटवाड़ी तहसील के पिलंग जंगल क्षेत्र के आसपास था।

भूकंप के झटके हल्के होने के कारण लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया, लेकिन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से सूचना मिलने के तुरंत बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और सभी तहसीलों, पुलिस थाना क्षेत्रों तथा संबंधित विभागों से स्थिति की जानकारी जुटाई गई।

प्रशासन द्वारा प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भूकंप के झटके मुख्य रूप से भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में महसूस किए गए। जनपद की अन्य तहसीलों से न तो झटके महसूस होने और न ही किसी प्रकार के नुकसान की सूचना प्राप्त हुई है।

जिला प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक आकलन में कहीं भी जान-माल के नुकसान, भवनों में दरार, सड़क, पुल या अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को क्षति होने की पुष्टि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर सभी उपजिलाधिकारियों, तहसील प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तरकाशी हिमालयी भूकंपीय क्षेत्र में स्थित होने के कारण संवेदनशील जिलों में शामिल है। ऐसे क्षेत्रों में समय-समय पर कम तीव्रता के भूकंप आना सामान्य भूगर्भीय प्रक्रिया का हिस्सा माना जाता है। प्रशासन हर भूकंपीय गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सत्यापन और निगरानी की कार्रवाई करता है।

भूकंप के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की क्षति, असामान्य गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष को देने का आग्रह किया गया है। फिलहाल पूरे जनपद में स्थिति सामान्य बनी हुई है और कहीं से किसी नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।