Wednesday, July 22, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन सोनम वांगचुक के समर्थन में आईं मोनाली ठाकुर और कविता कौशिक, सोशल...

सोनम वांगचुक के समर्थन में आईं मोनाली ठाकुर और कविता कौशिक, सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द

0
13

मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षा सुधारक, इंजीनियर, आविष्कारक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां खुलकर सामने आ रही हैं। अभिनेता ओमी वैद्य, अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, जीनत अमान, सोनी राजदान, और सान्या मल्होत्रा से लेकर कई हस्तियों ने सरकार से बातचीत करने की मांग की। अब इस कड़ी में टेलीविजन अभिनेत्री कविता कौशिक और गायिका मोनाली ठाकुर का नाम भी जुड़ गया है।

शुक्रवार को गायिका मोनाली ठाकुर और कविता कौशिक ने इंस्टाग्राम पर सोनम वांगचुक के लिए पोस्ट शेयर की।

गायिका मोनाली ठाकुर ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने सोनम वांगचुक की तारीफ करने के साथ सरकार से बातचीत करने की अपील की। उन्होंने लिखा, “आदरणीय सोनम वांगचुक जी, मैं दिल से कहना चाहती हूं कि आपके जैसे लोग बहुत कम होते हैं। आप समझदारी, ईमानदारी से सही सवाल उठाने का साहस रखते हैं। आज जब हमारा देश कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब आपकी जैसी आवाज बहुत महत्वपूर्ण हैं।”

गायिका ने सोनम वांगचुक को नई और आने वाली पीढ़ि के लिए उम्मीद की किरण बताया। उन्होंने लिखा, “आप हमें विश्वास दिलाते हैं कि बातचीत, न्याय और इंसानियत आज भी जिंदा हैं। जो लोग अपने सिद्धांतों पर अडिग रहते हैं, वही समाज को सही दिशा दिखाते हैं। मैं आपसे अनशन खत्म करने की अपील नहीं करूंगी। बस इतना कहना चाहूंगी कि मैं उन मूल्यों के साथ पूरी तरह खड़ी हूं, जिनके लिए आप संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन आपका स्वस्थ और सुरक्षित रहना भी बहुत जरूरी है।”

गायिका मोनाली ठाकुर ने आगे लिखा, “आपने हमें याद दिलाया है कि ईमानदारी, करुणा और साहस आज भी सबसे बड़ी ताकत हैं। मेरी दुआएं हमेशा आपके साथ हैं।”

गायिका ने अपने नोट में आगे भारत सरकार से बातचीत करने की अपील करते हुए लिखा, “आदरणीय भारत सरकार, मैं हाथ जोड़कर आपसे विनम्र अनुरोध करती हूं कि इस मुद्दे पर बातचीत शुरू की जाए। लोकतंत्र की ताकत इसी में है कि हर गंभीर और ईमानदार आवाज को सम्मान के साथ सुना जाए। बातचीत करना कमजोरी नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास का प्रतीक है। हम सब मिलकर ऐसा समाज बनाना चाहते हैं जहां हर व्यक्ति की गरिमा, सम्मान और ईमानदारी की कद्र हो। यह किसी का विशेष अधिकार नहीं, बल्कि एक स्वस्थ और मजबूत समाज की बुनियाद है।”

उन्होंने लिखा, “इसलिए मेरा आपसे विनम्र आग्रह है कि जल्द से जल्द सार्थक संवाद शुरू करें और इस कठिन स्थिति का मानवीय और सम्मानजनक समाधान निकालें। यही हमारे देश के लिए सबसे अच्छा उदाहरण होगा। आशा, सम्मान और विश्वास के साथ।”

वहीं, टेलीविजन इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री कविता कौशिक ने भी इंस्टाग्राम पर नोट शेयर करते हुए लिखा, “प्रिय सरकार, इतने वर्षों से आपने जो प्रचार-प्रसार किया है, उसका फायदा होता हुआ नहीं दिख रहा। आज देश के लोग परेशान, उलझन और आपस में बंटे हुए हैं। हो सकता है कि आपकी टीम सही सलाह न दे रही हो। एक शुभचिंतक होने के नाते मेरी सिर्फ एक सलाह है कि कृपया एक बार सोनम जी से बात कर लीजिए। अगर आप विदेश में हैं, तो जूम कॉल या व्हाट्सऐप कॉल पर ही बात कर लें।”