Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राम मंदिर चढ़ावा विवाद से ध्यान भटकाने के लिए जौहर यूनिवर्सिटी पर...

राम मंदिर चढ़ावा विवाद से ध्यान भटकाने के लिए जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई : अजय राय

0
13

लखनऊ, 17 जुलाई (आईएएनएस)। रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी में प्रशासन ने कई भवनों को अवैध बताकर विध्वंस की कार्रवाई शुरू की है। इस मामले को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है और भवनों पर बुलडोजर चलाए जाने का विरोध कर रहा है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है और इस कदम को गलत बताया है।

आईएएनएस से बातचीत में अजय राय ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी में जो हो रहा है, वह गलत है। शिक्षा के मंदिर को तोड़ने का आदेश भी गलत है। यह प्रताड़ित करने के लिए किया जा रहा है। इसके साथ ही राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले से ध्यान भटकाने के लिए यह सब हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी को टारगेट किया जा रहा है, क्योंकि इसे आजम खान और उनके लोगों ने मिलकर बनवाया है। जौहर विश्वविद्यालय जहां है, वह जगह पहले नगर पंचायत में आती थी, लेकिन 2024 में विकास प्राधिकरण बना। इसी से स्पष्ट हो जाता है कि यूनिवर्सिटी को निशाने पर लेकर रामपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

अजय राय ने यह भी कहा कि 15 तारीख को एक बजे सुनवाई पूरी हुई और शाम 4 बजे उसे तोड़ने का आदेश जारी कर दिया गया। इसी से साबित होता है कि पहले से ही आदेश तैयार था, बस उसे जारी कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही आस्था के साथ रही है। देश की भावनाओं और धर्म के साथ कांग्रेस है। ये लोग दिखावटी और बनावटी लोग हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बाद प्रायश्चित अनुष्ठान को लेकर अजय राय ने कहा कि इससे साबित होता है कि राम मंदिर में इन लोगों ने चोरी की और अयोध्या को अपवित्र किया। इस अनुष्ठान से साबित हो गया कि चढ़ावा चोरी हुआ। जो बातें निकलकर सामने आईं, वह सच साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि खबरें सामने आ रही हैं कि गोपाल राव ने अयोध्या छोड़ दी है। ये लोग चोर हैं, इसीलिए भाग रहे हैं।