Thursday, July 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘विश्व कप में पड़ेगी अनुभव की जरूरत’, कैफ ने मेसी का उदाहरण...

‘विश्व कप में पड़ेगी अनुभव की जरूरत’, कैफ ने मेसी का उदाहरण देकर समझाई कोहली-रोहित की अहमियत

0
14

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चल रही तमाम तरह की अटकलों के बीच भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने भारतीय बल्लेबाज का समर्थन किया है। कैफ का मानना है कि रोहित-कोहली के अनुभव की जरूरत भारतीय टीम को अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में पड़ेगी।

कैफ ने ‘क्रिकबज’ के साथ बात करते हुए कहा, “2027 का फेज काफी महत्वपूर्ण होगा। लोग रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर बातें कर रहे हैं, क्योंकि यह विश्व कप आसान नहीं होगा। कंडिशंस अलग होंगी, पिच में बाउंस होगा, जिसको देखते हुए भारत को इन दोनों खिलाड़ियों की जरूरत पड़ेगी। हमें उनकी जाहिर तौर पर आवश्यकता है। यह दोनों खिलाड़ी जितने ज्यादा मैच खेलेंगे उतना ही अधिक अच्छी फॉर्म में रहेंगे।”

कैफ ने अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के कप्तान लियोनेल मेसी का उदाहरण देते हुए कोहली-रोहित की अहमियत समझाई। उन्होंने कहा, “मेसी 39 साल के हैं और उनकी टीम फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है। उन्होंने सेमीफाइनल में कोई गोल नहीं किया, लेकिन दो असिस्ट जरूर किए। अनुभव यही चीज लेकर आता है। जब आपके पास युवा खिलाड़ी होते हैं, जो काम को अंजाम दे सकते हैं, तो ऐसे में अनुभवी प्लेयर्स उन्हें गाइड करने और उनके लिए मौका बनाने में मदद करते हैं। मेसी जैसे अर्जेंटीना के लिए भूमिका निभा रहे हैं, वैसे ही वर्ल्ड कप में विराट कोहली और रोहित शर्मा भारत के लिए अहम रोल निभाएंगे।”

कैफ ने आगे कहा, “चाहे फुटबॉल हो या फिर क्रिकेट, अनुभव बड़ा रोल अदा करता है। विराट कोहली और रोहित शर्मा की गिनती वनडे क्रिकेट के सबसे दिग्गज खिलाड़ियों में की जाती है। इसी वजह से उनकी भारत को 100 प्रतिशत जरूरत है, खासकर साउथ अफ्रीका की परिस्थितियां और शुभमन गिल की कप्तानी में।” रोहित शर्मा का प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के पहले दो मुकाबलों में कुछ खास नहीं रहा है। हालांकि, कोहली ने जरूर दूसरे वनडे में 65 रनों की दमदार पारी खेली थी।