Wednesday, July 22, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए ‘पेपर लीक’ मुद्दे का...

राहुल गांधी केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए ‘पेपर लीक’ मुद्दे का इस्तेमाल कर रहे : रविशंकर प्रसाद

0
4

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस के प्रदर्शन और नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में आश्वासन दिया है कि भविष्य में नीट या किसी भी अन्य परीक्षा में पेपर लीक नहीं होने दिया जाएगा और प्रश्नपत्र लीक कराने वाले पूरे सिंडिकेट को खत्म किया जाएगा। सरकार इस दिशा में लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन राहुल गांधी केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल कर रहे हैं।

रविशंकर प्रसाद ने कहा, “क्या कांग्रेस शासित राज्यों में कभी पेपर लीक नहीं हुए? क्या हम भी उन मामलों को उजागर करना शुरू करें? लेकिन हमारी राजनीति राहुल गांधी के स्तर की नहीं है। यह मामला बच्चों के भविष्य से जुड़ा है और देश का हर बच्चा हमारा अपना है। इसलिए जरूरी है कि दोषियों पर कार्रवाई हो और पूरी व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए। सरकार इसी दिशा में काम कर रही है और सभी लोग इसमें लगे हुए हैं।”

उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि यदि उनके पास कोई रचनात्मक सुझाव है तो वह सामने रखें। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ लेना है। रविशंकर प्रसाद ने कहा, “आपको चुनाव में वोट नहीं मिलते, आप बार-बार हारते हैं, लेकिन देश की चिंता राजनीति से ऊपर होनी चाहिए। आपका व्यवहार निंदनीय था।”

भाजपा सांसद ने मंगलवार को राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए धरने पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में वह दिन बेहद शर्मनाक था। राहुल गांधी बिना किसी अनुमति के प्रधानमंत्री आवास के गेट पर धरने पर बैठ गए, जबकि वह अच्छी तरह जानते हैं कि प्रधानमंत्री आवास की गरिमा और मर्यादा क्या होती है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा, “राहुल गांधी के पिता भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनकी दादी इंदिरा गांधी भी प्रधानमंत्री थीं, और उनके परदादा जवाहरलाल नेहरू भी इस पद पर रहे। इसके बावजूद, उन्होंने जिस तरह का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया, वह पूरी तरह निंदनीय है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि नीट परीक्षा में जो कुछ हुआ, वह गलत था। इसी कारण सरकार ने बाद की परीक्षाओं को पूरी तरह फूलप्रूफ बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य की चिंता करना सरकार का कर्तव्य है और सरकार इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभा रही है।

भाजपा सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री ने स्वयं कहा है कि पेपर लीक मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने वरिष्ठ वकीलों से आगे आकर दोषियों को कठोर दंड दिलाने में सहयोग करने की अपील की है।

संसद में इस मुद्दे पर चर्चा को लेकर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा पूरी तरह बहस के लिए तैयार है। सदन में अच्छी और सार्थक चर्चा होनी चाहिए, ताकि देश में सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह संसद की कार्यवाही चलने नहीं देना चाहता।

उन्होंने कहा, “आप सदन नहीं चलने देंगे और फिर कहेंगे कि बहस होनी चाहिए। जब बहस का प्रस्ताव दिया जाता है तो फिर कहते हैं मेरी मर्जी।”