Wednesday, July 22, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल युजवेंद्र चहल: शतरंज का साथ छोड़ थामा क्रिकेट का दामन, टी20 इंटरनेशनल...

युजवेंद्र चहल: शतरंज का साथ छोड़ थामा क्रिकेट का दामन, टी20 इंटरनेशनल में ‘पंजा’ खोलने वाले पहले भारतीय गेंदबाज

0
8

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। युजवेंद्र चहल की गिनती भारत के सबसे काबिल स्पिन गेंदबाजों में होती है। अपनी चतुर गेंदबाजी से बल्लेबाजों को छकाने में माहिर चहल कभी शतरंज की दुनिया में अपना करियर बनाना चाहते थे। चहल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की ओर से एक मैच में 5 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज हैं।

युजवेंद्र चहल का जन्म 23 जुलाई, 1990 को हरियाणा के जींद जिले में हुआ। चहल को बचपन में शतरंज के खेल में काफी दिलचस्प थी और वह इस गेम में भी तेजी से आगे बढ़ रहे थे। चहल शतरंज में जूनियर स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। उन्होंने अंडर 12 नेशनल चैंपियनशिप को अपने नाम किया था। चहल विश्व कप अंडर 12 जूनियर चैंपियनशिप को भी जीत चुके हैं।

हालांकि, आर्थिक तंगी के कारण चहल को शतरंज का खेल छोड़ना पड़ गया और उन्होंने क्रिकेट का दामन थाम लिया। चहल शुरुआत में खेतों में प्रैक्टिस किया करते थे। चहल की चाहत शुरुआत में तेज गेंदबाज बनने की थी, लेकिन पिता ने उन्हें स्पिन गेंदबाज बनने की सलाह दी। चहल ने महज 19 साल की उम्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना डेब्यू किया। घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार शानदार प्रदर्शन के बूते चहल की साल 2016 में भारतीय टीम में एंट्री हुई। जिम्बाब्वे के खिलाफ 11 जून, 2016 को चहल ने अपना वनडे डेब्यू किया। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ ही उनका टी20 इंटरनेशनल में भी डेब्यू हुआ।

एक फरवरी, 2017 को चहल के नाम ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ी। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में चहल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 25 रन देकर 6 विकेट चटकाए। इस स्पेल के साथ ही वह भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल के एक मैच में 5 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने।

टी20 इंटरनेशनल में दीपक चाहर के बाद भारत की तरफ से सबसे बेहतरीन टी20 स्पेल फेंकने का रिकॉर्ड चहल के नाम दर्ज है। युजवेंद्र चहल ने भारत की ओर से अब तक 72 वनडे मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 121 विकेट निकाले हैं। वहीं, 80 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में वह 96 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। चहल भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे स्पिनर हैं।