Friday, July 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गुजरात के नवसारी में बाढ़ का कहर, 80 से अधिक लोगों को...

गुजरात के नवसारी में बाढ़ का कहर, 80 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया, राहत अभियान जारी

0
5

नवसारी, 24 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के नवसारी जिले में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। हालांकि बारिश फिलहाल थम गई है, लेकिन कई इलाकों में अब भी जलभराव बना हुआ है। घरों और सड़कों पर पानी भर जाने से सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालात से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अब तक 80 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है और आगे भी रेसक्यू ऑपरेशन जारी है।

एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर राजेंद्र भाटी ने बताया कि 6वीं एनडीआरएफ बटालियन की टीम 22 जुलाई से सूरत में तैनात थी। इसके बाद 23 जुलाई को टीम को नवसारी भेजा गया, जहां जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को एनडीआरएफ ने 45 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें महिलाएं, पुरुष, बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी शामिल थीं। वहीं, 24 जुलाई को भी बचाव अभियान लगातार जारी है और अब तक करीब 35 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इस तरह अब तक 80 से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि टीम दिन-रात लगातार काम कर रही है और जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।

बारिश रुकने के बावजूद नवसारी शहर के कई हिस्सों में पानी अब भी भरा हुआ है। शांतादेवी और आसपास के कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में अब भी पानी घुसा हुआ है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है।

भारी बारिश के कारण कावेरी और पूर्णा नदियां उफान पर आ गईं, जिससे जिले में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। सबसे ज्यादा असर शांतिवन सोसायटी-1 और शांतिवन सोसायटी-2 में देखने को मिला, जहां 300 से अधिक घरों में पानी भर गया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले इलाकों में न जाएं और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि जब तक पानी पूरी तरह नहीं उतर जाता, तब तक राहत और बचाव अभियान जारी रहेगा।