Friday, July 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर संभल प्रशासन तैयार, 3.5 लाख श्रद्धालुओं के...

श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर संभल प्रशासन तैयार, 3.5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

0
5

संभल, 24 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में श्रावण कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। सावन महीने में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के जिले से गुजरने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई, मार्ग व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “सावन का पवित्र महीना शुरू होने वाला है और पहला सोमवार 3 अगस्त को पड़ेगा। इससे पहले गुरु पूर्णिमा का पर्व भी मनाया जाएगा। कांवड़ यात्रियों का आगमन शुरू हो गया है और जो श्रद्धालु गंगा से पवित्र जल लेने के लिए निकल रहे हैं। उन्होंने अपनी यात्रा प्रारंभ कर दी है।”

जिलाधिकारी ने बताया, “इस वर्ष करीब 3 से 3.5 लाख कांवड़ यात्रियों के संभल जिले से गुजरने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न विभागों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की है। यात्रा मार्गों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, शिविरों की साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।”

उन्होंने बताया, “कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट की खाद्य सुरक्षा विभाग के माध्यम से जांच कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।”

डीएम अंकित खंडेलवाल ने कहा, “कांवड़ यात्रा मार्ग की निगरानी के लिए बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। करीब 85 मजिस्ट्रेटों को यात्रा मार्ग पर लगाया गया है, जो लगातार क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।”

प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न होगी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष फोकस किया है। भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की आवाजाही और आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, शासन के निर्देशों के तहत धार्मिक स्थलों के आसपास भी विशेष सावधानी बरती जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित दुकानों, ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच कर रही हैं। इसके अलावा धार्मिक स्थलों के 50 मीटर के दायरे में मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।