Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय फ्रांस-स्पेन में जंगल की आग बेकाबू, लाखों बेघर

फ्रांस-स्पेन में जंगल की आग बेकाबू, लाखों बेघर

0
6

पेरिस, 25 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस और स्पेन में लगी जंगल की आग विकराल रूप ले चुकी है। फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थिति गंभीर होने के बाद प्रशासन ने शनिवार को बॉरदॉ शहर के आसपास के इलाकों से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। वहीं, स्पेनिश पीएम पेड्रो सांचेज ने ‘राष्ट्रीय वाइल्डफायर इमरजेंसी’ घोषित करत दी है।

फ्रांस के ला नोवेल-अकितेन और गिरोंद क्षेत्र की स्थानीय प्रशासन प्रमुख सोफी ब्रोका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि ले हायालन, आइजिन और मेरिग्नाक इलाकों को खाली कराया जा रहा है।

फ्रांसीसी प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने बताया कि बॉरदॉ के पास स्थित गिरोंद और लांद क्षेत्रों से अब तक 1.41 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है। इन्हीं इलाकों में इस सप्ताह की शुरुआत में जंगल की आग भड़की थी।

प्रधानमंत्री लेकोर्नू ने एक्स पर लिखा, ” देश में लगी ये आग अब तक के सबसे गंभीर स्तर पर पहुंच चुकी है। आग पर नियंत्रण पाने के लिए फ्रांसीसी सेना को भी अभियान में लगाया गया है। फ्रांस सरकार ने दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में फैली आग से निपटने के लिए अतिरिक्त सैन्य बल तैनात किए हैं। साथ ही धुएं से बचाव के लिए गिरोंद क्षेत्र में लोगों और बचावकर्मियों के लिए 15 लाख मास्क भेजे गए हैं।”

गिरोंद प्रशासन ने बॉरदॉ के पश्चिमी उपनगरों के कुछ हिस्सों को खाली कराने का आदेश दिया है। इनमें शहर का हवाई अड्डा क्षेत्र भी शामिल है। इसके अलावा शहर के पश्चिम में स्थित कई अन्य कस्बों और गांवों को भी खाली कराया जा रहा है।

प्रधानमंत्री लेकोर्नू के अनुसार, अब तक 500 से अधिक सैन्यकर्मी अग्निशमन दलों की मदद के लिए तैनात किए जा चुके हैं और जरूरत के अनुसार और जवान भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि मास्क का वितरण जमीन पर काम कर रहे कर्मचारियों और धुएं के संपर्क में आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है।

वहीं, स्पेन में भी मैड्रिड के आसपास जंगल की आग की स्थिति को गंभीर बताया गया है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने प्रभावित इलाकों का दौरा करते हुए कहा कि हालात अभी भी “जटिल” बने हुए हैं।

एल पाइस मीडिया आउटलेट के अनुसार, उन्होंने कहा कि तापमान में गिरावट के बावजूद हवा का रुख स्थिति को प्रभावित कर सकता है। सांचेज ने एक बार फिर जलवायु आपातकाल से निपटने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर समझौते की जरूरत पर जोर दिया। हालात के मद्देनजर उन्होंने राष्ट्रीय वाइल्डफायर इमरजेंसी की घोषणा कर दी।

सांचेज ने कहा कि लोगों को यह समझना होगा कि जलवायु परिवर्तन के कारण जंगलों में लगने वाली आग पहले से अधिक तीव्र और विनाशकारी होती जा रही है, जो कई मामलों में वैज्ञानिक अनुमानों से भी आगे निकल रही है। उनके अनुसार, “जनवरी से अब तक स्पेन में करीब 1.30 लाख हेक्टेयर (लगभग 3.21 लाख एकड़) भूमि आग की चपेट में आ चुकी है, जो पिछले एक दशक के वार्षिक औसत 1 लाख हेक्टेयर से अधिक है।”

सांचेज ने पिछले वर्ष जलवायु संकट से निपटने के लिए 10 सूत्रीय योजना की घोषणा की थी। इस योजना में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एक राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा एजेंसी का गठन, पूरे देश में जलवायु शरण केंद्रों का नेटवर्क तैयार करना और जंगल प्रबंधन तथा भूमि उपयोग नीतियों में बदलाव जैसे प्रस्ताव शामिल थे।