Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल ‘नारी शक्ति ने नाम रोशन किया’, लॉर्ड्स की ऐतिहासिक जीत पर पीएम...

‘नारी शक्ति ने नाम रोशन किया’, लॉर्ड्स की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सराहा

0
8

नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ मिली ऐतिहासिक जीत का जिक्र करते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जमकर तारीफ की है। मन की बात के 136वें एपिसोड में पीएम मोदी ने भारतीय टीम की इस जीत को बड़ी उपलब्धि बताया।

पीएम मोदी ने भारतीय टीम की सराहना करते हुए कहा, “भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स के मैदान पर अपना पहला टेस्ट मैच जीता। यह एक ऐतिहासिक जीत है। हमारी टीम ने 270 रनों के बड़े अंतर से यह मुकाबला जीता। हालांकि, बात सिर्फ इतनी सी नहीं है, लॉर्ड्स के इतिहास में यह महिलाओं का पहला टेस्ट मैच था। 1983 में इसी मैदान पर भारतीय टीम ने अपना पहला क्रिकेट विश्व कप जीता था। अब हमारी नारी शक्ति ने यहां पर देश का नाम रोशन किया है।”

लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में पहली पारी में भारतीय टीम ने 285 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 170 रन बनाकर ढेर हुई। दूसरी इनिंग में भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 341 रन बनाने के बाद अपनी पारी को घोषित किया था और इंग्लैंड के सामने 457 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 186 रन बनाकर सिमट गई थी। भारत की ओर से क्रांति गौड़ लॉर्ड्स के मैदान पर 5 विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बनीं, जबकि यास्तिका भाटिया इस ऐतिहासिक मैदान पर शतक लगाने वाली दुनिया की पहली बल्लेबाज बनीं। यास्तिका ने 113 रनों की दमदार पारी खेली थी।

प्रधानमंत्री ने पीवी सिंधु को भी जापान ओपन का खिताब जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “पीवी सिंधु जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि पर देश को गर्व है।” सिंधु ने यह खिताब अकाने यामागुची को फाइनल में 21-17, 21-17 से हराने के बाद अपने नाम किया। दो साल में यह सिंधु का पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब भी रहा।