Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय जंगल की आग हुई भीषण: बुझाने के लिए फ्रांस ने उतारा मिलिट्री...

जंगल की आग हुई भीषण: बुझाने के लिए फ्रांस ने उतारा मिलिट्री ट्रांसपोर्ट प्लेन, स्पेन का 45,000 हेक्टेयर वन क्षेत्र खाक

0
7

पेरिस/मैड्रिड, 26 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस और स्पेन में लगी जंगल की आग ने शनिवार को भीषण रूप ले लिया। इस कारण रविवार को हजारों लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली। आग इतनी तेजी से फैली कि 3 लाख से अधिक लोगों को अपने घरों और छुट्टियां बिताने के लिए लिए गए होटल और अन्य ठिकाने छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।

इन आगजनी की घटनाओं में कई घर जलकर नष्ट हो गए हैं और बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं। फ्रांस में इसे शांति काल के दौरान किए गए सबसे बड़े नागरिक निकासी अभियानों में से एक माना जा रहा है। दोनों देशों में कई इलाकों में आग अब भी बेकाबू बनी हुई है।

पूर्वी स्पेन में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं फ्रांस के बोर्डो शहर और स्पेन की राजधानी मैड्रिड के आसपास के इलाकों में नई निकासी के आदेश जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि हालात अभी और कठिन हो सकते हैं।

आग और धुएं से बचकर निकले परिवारों ने प्रदर्शनी केंद्रों, खेल परिसरों और जिम्नेजियमों में लगाए गए अस्थायी राहत शिविरों में रात बिताई। इनमें स्थानीय निवासी और पर्यटक दोनों शामिल हैं, जिन्हें अभी यह भी नहीं पता कि वे अपने घर या ठहरने की जगह पर कब लौट पाएंगे।

फ्रांस के गिरोंद अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग के कारण एक दुर्लभ “पायरो क्यूम्युलोनिंबस” बादल बना, जिसने अपनी ही हवाएं और बवंडर पैदा कर दिए। इससे आग का फैलाव बेहद अनियमित हो गया और उस पर काबू पाना लगभग असंभव हो गया। अग्निशमन अधिकारी कैप्टन निकोलस ब्राज ने बताया कि इसी वजह से आग लगातार दिशा बदल रही है।

फ्रांस ने आग बुझाने के लिए अपने अभियान में सैन्य परिवहन विमान ए400एम को भी शामिल किया है। यह विमान प्रसिद्ध कनाडेयर विमानों से लगभग दोगुना लंबा है और उनसे तीन गुना अधिक पानी या अग्निरोधक रसायन ले जा सकता है। शनिवार, 25 जुलाई से इसे बोर्डो के पास लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए तैनात किया गया है।

स्थानीय मीडिया हाउस ली मोंडे के अनुसार फ्रांस ऐसा पहला देश बन गया है जिसने किसी वास्तविक जंगल की आग के दौरान ए400एम को अग्निशमन विमान के रूप में इस्तेमाल किया है। यूरोपीय संसद के सदस्य और फ्रांस के राष्ट्रीय अग्निशमन महासंघ के पूर्व अध्यक्ष ग्रेगोरी एलियोन ने कहा कि यदि प्रशासन जोखिम लेने से नहीं हिचकता, तो इस तकनीक का इस्तेमाल काफी पहले शुरू किया जा सकता था।

उधर स्पेन में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। मैड्रिड के दक्षिण-पश्चिम में स्थित टोलेडो के आसपास नए इलाकों को खाली कराने के आदेश दिए गए हैं।

स्पेन की नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन मामलों की महासचिव वर्जीनिया बारकोनेस ने कहा कि मौसम में बदलाव आग पर काबू पाने की कोशिशों के लिए बेहद अहम साबित होगा। शुक्रवार की तरह तेज हवाओं ने रविवार को भी अग्निशमन अभियान को मुश्किल बना दिया। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक दर्ज की गई, जिससे रणनीति बदलनी पड़ी।

मैड्रिड की मुख्य आग रोब्लेदो दे चावेला और फ्रेसनेदियास दे ला ओलिवा के बीच फैली हुई है। वहीं एविला में लगी आग दक्षिण की ओर बढ़ रही है और टिएतार घाटी में तेजी से फैलने के कारण प्रशासन ने पूरे इलाके को खाली कराने का आदेश दिया है। वहां राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।

अब तक मैड्रिड, एविला और कास्टेलोन क्षेत्रों में लगी आग के कारण 1.16 लाख से अधिक लोगों को या तो सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है या घरों के भीतर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के अनुसार आग से अब तक 45,000 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र जल कर खाक हो चुका है।

इनमें से लगभग 1 लाख प्रभावित लोग मैड्रिड और एविला के हैं, जबकि करीब 16,000 लोग कास्टेलोन क्षेत्र से प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा लियोन प्रांत के मुरियास दे पोनहोस गांव से 20 लोगों को और कासेरेस के कुआकोस दे युस्ते में एक समर कैंप से 16 बच्चों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

एल पेस दैनिक के अनुसार मौसम में कुछ सुधार होने के बाद रविवार सुबह हवाई अग्निशमन अभियान दोबारा शुरू किया गया। रातभर करीब 50 जमीनी अग्निशमन दल आग पर नियंत्रण पाने में जुटे रहे, हालांकि तेज हवाओं के कारण कई बार मुश्किलें भी सामने आईं।

स्पेन में आग का सबसे बड़ा केंद्र फिलहाल मैड्रिड, एविला और टोलेडो के बीच बना हुआ है। आग का दायरा 200 किलोमीटर से अधिक फैल चुका है। इनमें से करीब 21,000 हेक्टेयर क्षेत्र केवल एविला प्रांत में है, जहां आग का घेरा लगभग 112 किलोमीटर तक फैल गया है।

अधिकारियों के अनुसार, दोपहर के बाद हवाएं कुछ कमजोर पड़ने की उम्मीद है, जिससे आग पर काबू पाने में मदद मिल सकती है।

एविला के बुर्गोहोंदो इलाके में लगी जंगल की आग के फैलने के कारण टोलेडो प्रांत के उत्तर में आठ और गांवों को खाली कराया गया है। इससे पहले शनिवार को तीन गांवों को खाली कराया जा चुका था। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, और राहत एवं बचाव अभियान जारी है।