Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति एनडीए सांसदों का विपक्ष पर आरोप, कहा-अराजकता फैला रहा विपक्ष, जीत-हार से...

एनडीए सांसदों का विपक्ष पर आरोप, कहा-अराजकता फैला रहा विपक्ष, जीत-हार से परे देश और युवाओं का भविष्य हमारी प्राथमिकता

0
4

पटना, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर विपक्ष की सोच केवल जीत और हार तक सीमित है, तो यह देश के लिए चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता देश और युवाओं का भविष्य है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों के पीछे कुछ बड़ी साजिशें हो सकती हैं। आने वाले समय में यह सामने आएगा कि पैसा कहां से आ रहा था, किसे भेजा जा रहा था और जंतर-मंतर पर चल रही गतिविधियों के पीछे कौन लोग थे। कुछ लोग देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए समय पर कदम उठाए। एक महीने के भीतर 22 लाख छात्रों की परीक्षाएं आयोजित कराई गईं, परिणाम जारी किए गए और एडमिशन प्रक्रिया भी शुरू हो गई। उनके मुताबिक, सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो।

वहीं, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय कुमार झा ने पेपर लीक मामले को लेकर सरकार की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर युवाओं से सीधे संवाद किया है।

उन्होंने बताया कि पेपर लीक रोकने के लिए केंद्र सरकार ने कानून बनाया है, जिसके तहत दोषियों पर 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। इस कानून का उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाना और दोषियों को कड़ी सजा देना है।

संजय झा ने पटना के बांकीपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर पटना का महत्वपूर्ण इलाका है और पिछले 15-20 वर्षों में शहर में काफी बदलाव आया है। जिस स्थान पर पहले ड्रेनेज नहर थी, उसे ढककर बेहतर तरीके से विकसित किया गया है। क्षेत्र को गंगा से जोड़ने के लिए मरीन ड्राइव प्रोजेक्ट जैसी योजनाओं पर काम हो रहा है।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर संजय झा ने दावा किया कि एनडीए उम्मीदवार बड़े अंतर से जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने जमीन पर काम करके जनता का विश्वास हासिल किया है और विकास के मुद्दे पर लोग एनडीए के साथ हैं।