अयोध्या, 26 जुलाई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक विवाद खत्म होने के बाद समाजवादी पार्टी ने संसद में राम मंदिर के दान प्रकरण का मुद्दा उठाने की रणनीति बनाई है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि सोमवार को सही से सदन चलेगा और समाजवादी पार्टी दान प्रकरण के मामले को मजबूती के साथ उठाएगी।
अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “काफी समय से यह कहा जा रहा है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की नगरी में भगवान राम के मंदिर में करोड़ों रुपए के सोने, चांदी, हीरे, गहनों और जमीन से जुड़ा एक बड़ा घोटाला हुआ है। भगवान राम के लाखों भक्तों की आस्था और भावनाओं के साथ धोखा हुआ है।”
उन्होंने कहा, “हमारे नेता अखिलेश यादव ने एक महीने से भी पहले इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन इतने समय के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सरकार पूरी तरह से बड़ी मछलियों को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन वे लोग बच नहीं सकते हैं।”
अवधेश प्रसाद ने आगे कहा कि संसद का सत्र चल रहा है। अखिलेश यादव और मैंने इस मुद्दे को नियमों के तहत सदन में उठाया, लेकिन अब तक सदन बाधित होने के कारण चर्चा नहीं हुई। उम्मीद है कि सोमवार को सही से सदन चलेगा और समाजवादी पार्टी इस मामले को मजबूती के साथ उठाएगी।
वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने अयोध्या मामले की जांच के लिए नई एसआईटी के गठन को लेकर कहा, “सुप्रीम कोर्ट को पहली एसआईटी की जांच पर भरोसा नहीं था, इसलिए नई एसआईटी बनाई गई। समाजवादी पार्टी का मानना है कि यह करोड़ों सनातन धर्म को मानते वाले लोगों की आस्था का सवाल है। जो भी दोषी हैं, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।”
फखरुल हसन चांद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ऑब्जर्वेशन में यह पूरी जांच चल रही है। समाजवादी पार्टी को पूरा भरोसा है कि दोषियों पर कार्रवाई होगी।

