नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटना के कुछ ही घंटों के भीतर एक सक्रिय स्नैचर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक छीना गया मोबाइल फोन, चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी और दो अन्य चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से कुल चार आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उपेंद्र उर्फ पीयूष (22) निवासी वेस्ट विनोद नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए संपत्ति संबंधी अपराधों को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक 25 जुलाई को मधु विहार थाने में पीसीआर कॉल के जरिए मोबाइल स्नैचिंग की सूचना मिली। शिकायतकर्ता आयुष दास ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे वह गाजीपुर की ओर जा रहे थे। आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड के पास डीसीपी कट पर पहुंचने पर नीली होंडा एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया।
आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने उनका नीले रंग का वीवो मोबाइल फोन छीन लिया और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मधु विहार थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर उसी दिन रात करीब 9:20 बजे आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड के पास जाल बिछाकर उपेंद्र उर्फ पीयूष को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से शिकायतकर्ता का छीना गया वीवो मोबाइल फोन बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई नीली होंडा एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई।
जांच में पता चला कि बरामद होंडा एक्टिवा चोरी की थी, जिसकी एफआईआर पांडव नगर थाने में दर्ज की गई थी। इसके अलावा स्कूटी की तलाशी लेने पर एक सैमसंग और एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद हुए, जो अलग-अलग चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए। इन बरामदगियों के साथ पुलिस ने कुल चार मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया।
पूछताछ में उपेंद्र ने खुलासा किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने सह-आरोपी के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार उपेंद्र उर्फ पीयूष पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और सब्जी बेचने का काम करता है। उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उसके पिता लकवे से पीड़ित हैं जबकि मां घरेलू सहायिका के रूप में काम करती हैं। पूछताछ में उसने बताया कि नशे की लत के कारण उसने चोरी और स्नैचिंग जैसी वारदातें शुरू कर दी थीं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

