Monday, July 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति कांग्रेस शून्य हो चुकी है, पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं बचा...

कांग्रेस शून्य हो चुकी है, पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं बचा : किरण चौधरी

0
6

चंडीगढ़, 27 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी शून्य हो चुकी है और उसके पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है।

किरण चौधरी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब केंद्र सरकार पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ सदन में पेश कर रही है। सोमवार को विधेयक पेश किए जाने पर विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया, जिससे संसद की कार्यवाही बाधित हो गई।

चंडीगढ़ में आईएएनएस से बातचीत में किरण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस शून्य हो चुकी है। इनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। वे सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं और सदन का बहुमूल्य समय बर्बाद कर रहे हैं।

उन्होंने बच्चों का जिक्र करते हुए कहा कि पेपर लीक से परेशानी हमारे बच्चों को हो रही थी, इसमें कोई शक नहीं है। इतनी मेहनत से पढ़ाई करने के बाद अगर पेपर लीक हो जाता है, तो छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी पड़ती है, पैसे खर्च करने पड़ते हैं और मानसिक तनाव भी बहुत होता है। यह एक माफिया गैंग है, जिसकी जड़ें वर्षों से मजबूत होती गईं और अब तक इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा लाया जा रहा कड़ा कानून बहुत अच्छा कदम है। इसमें 10 करोड़ रुपए तक का जुर्माना और 5 से 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। इसके साथ ही परीक्षाओं के आयोजन की बेहतर व्यवस्था भी की गई है। नंदन नीलेकणि को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में बच्चों को ऐसी कोई परेशानी नहीं होगी। जो होता है, अच्छे के लिए होता है।

संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर किरण चौधरी ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर चलता है। सरकार इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर काम कर रही है।

उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि धारा 370 हटा दी गई, राम मंदिर बन गया, यूनिफॉर्म सिविल कोड लाने की प्रक्रिया चल रही है। पुराने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) को नए सिरे से बदला गया है ताकि अपराधियों पर तेजी से अंकुश लगाया जा सके। सरकार छात्रों के हित को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है।