Monday, July 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय झारखंड: सिमडेगा में एसआईआर अभियान शत-प्रतिशत सफलता के साथ पूरा, 5 अगस्त...

झारखंड: सिमडेगा में एसआईआर अभियान शत-प्रतिशत सफलता के साथ पूरा, 5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची

0
5

सिमडेगा, 27 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के सिमडेगा जिले में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान 100 प्रतिशत सफलता के साथ पूरा हो गया है। इस उपलब्धि की घोषणा करते हुए डिप्टी कमिश्नर एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी कंचन सिंह ने प्रशासनिक टीम, बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ), स्वयंसेवकों और आम नागरिकों को उनके सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिसने जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान कंचन सिंह ने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान सभी संबंधित विभागों, कर्मचारियों, बीएलओ, स्वयंसेवकों और आम जनता ने मिलकर कार्य किया। इसी समन्वित प्रयास के कारण सिमडेगा जिले में अभियान को शत-प्रतिशत सफलता के साथ पूरा किया जा सका।

उन्होंने इसे जिले के लिए गर्व और खुशी का विषय बताते हुए कहा कि भविष्य में भी सभी कर्मी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे, जिससे प्रशासन नई उपलब्धियां हासिल करने में सफल होगा।

उन्होंने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान को लोकतंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से एक व्यापक जनअभियान के रूप में शुरू किया गया था। ऐसे में आम जनता का विश्वास जीतना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता थी।

उन्होंने बताया कि लोगों को यह समझाना जरूरी था कि यह पूरी प्रक्रिया उनके हित में है और इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा। इसी उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों और बीएलओ ने गांव-गांव तथा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया और अभियान के महत्व की जानकारी दी।

कंचन सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान लोगों के बीच कई तरह की भ्रांतियां भी सामने आईं। विशेष रूप से यह आशंका थी कि इस प्रक्रिया के कारण उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। इन गलतफहमियों को दूर करने के लिए प्रशासन ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया, जिसके माध्यम से लोगों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई और उन्हें आश्वस्त किया गया कि यह अभियान मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि वर्तमान में मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है और आगामी 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद वर्ष 2003 की एसआईआर मतदाता सूची और वर्तमान डिजिटाइज्ड सूची के बीच जिन मामलों में विसंगतियां सामने आई हैं, उनकी सुनवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी तक नहीं हो सकी है, उनके मामलों में भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनवाई की जाएगी, ताकि सभी योग्य मतदाताओं का विवरण सही ढंग से दर्ज किया जा सके।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहले से जारी 11 आवश्यक दस्तावेजों की सूची के आधार पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीएलओ को स्पष्ट रूप से जानकारी दी गई है कि प्रत्येक मतदाता की श्रेणी के अनुसार किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। इसी के अनुरूप दस्तावेजों का सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित किया जा सके।