Tuesday, July 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना: मध्य प्रदेश के 83 लाख किसानों के खातों...

मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना: मध्य प्रदेश के 83 लाख किसानों के खातों में 3300 करोड़ रुपए ट्रांसफर

0
5

खंडवा, 27 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत लगभग 83 लाख किसानों के खातों में 3300 करोड़ से ज्यादा की राशि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। खंडवा में सोमवार को बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत 3308 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से अंतरित किए गए।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती-किसानी को लाभदायी बनाने और कृषि को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार काम कर रही है। बलराम कृषि महोत्सव केवल एक आयोजन न होकर किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान है। यह किसानों का अपना कार्यक्रम है, किसान इसका अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी खेती को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

सीएम ने कहा कि परंपरागत खेती अब गुजरे जमाने की बात हो गई है। अब आधुनिक और उन्नत खेती का दौर है। किसान अपने खेत की मिट्टी की जांच करायें। मिट्टी की उत्पादकता के अनुसार ही फसल लें। बहुत अधिक रायायनिक उर्वरकों का उपयोग करने से बचें, जितनी जल्दी हो सके, प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर बढ़ें। फसल विविधीकरण अपनाएं। एक ही किस्म की फसल के स्थान पर एक ही समय में खेत में एकाधिक फसल लें। इससे किसानों के खेतों में नई फसल किस्मों की हरियाली आयेगी, साथ ही आमदनी भी बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार लगातार किसान कल्याण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। किसान अपनी मेहनत और पसीने से धरती से अन्न उगाते हैं और भूखों को अनाज उपलब्ध कराते हैं। किसानों के प्रति हमारी सरकार के मन में अगाध श्रद्धा और सम्मान है। किसान भाइयों को आज एक साथ 4000 रुपए सम्मान निधि के रूप में उनके बैंक खातों में भेजे गए हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए हम वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। इसमें प्रदेश के विभिन्न अंचलों में बलराम कृषि महोत्सव मनाये जा रहे हैं।