Tuesday, July 28, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय राष्ट्रपति रामफोसा ने अफ्रीकी देशों से कानूनी और व्यवस्थित प्रवास को मिलकर...

राष्ट्रपति रामफोसा ने अफ्रीकी देशों से कानूनी और व्यवस्थित प्रवास को मिलकर बढ़ावा देने की अपील की

0
4

जोहान्सबर्ग, 27 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने सोमवार को अफ्रीकी देशों से मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी देशों को ऐसा सिस्टम बनाना चाहिए जिससे लोगों का दूसरे देशों में जाना कानूनी और व्यवस्थित तरीके से हो। साथ ही, उन असली वजहों पर भी काम करना चाहिए जिनके कारण लोग अपना देश छोड़ने के लिए मजबूर होते हैं।

रामफोसा ने यह बात जोहान्सबर्ग में पैन-अफ्रीकी संसद के सातवें कार्यकाल के पहले नियमित सत्र की शुरुआत के मौके पर कही। यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल के दिनों में दक्षिण अफ्रीका में विदेशी नागरिकों पर हमलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

उन्होंने देश में विदेशी नागरिकों के साथ हुई बदसलूकी और उनकी हत्या की घटनाओं पर दुख जताया। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं के पीछे गलत जानकारी और लोगों के मन में बनी गलत धारणाएं भी एक बड़ी वजह हैं। साथ ही उन्होंने माना कि दक्षिण अफ्रीका के लोगों को अवैध प्रवास के सामाजिक और आर्थिक असर को लेकर भी चिंता है।

रामफोसा ने कहा, “दक्षिण अफ्रीकी सरकार के तौर पर हमने साफ कहा है कि विदेशी नागरिकों को डराने, कानून अपने हाथ में लेने या उनके खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमें ऐसा तरीका अपनाना होगा, जिसमें आव्रजन व्यवस्था सख्त, निष्पक्ष और प्रभावी हो, लेकिन साथ ही हर इंसान की गरिमा और कानून का भी पूरा सम्मान किया जाए।”

उन्होंने कहा कि लोगों का एक देश से दूसरे देश जाना ऐसे तरीके से होना चाहिए, जिसमें सभी के अधिकार और सम्मान की रक्षा हो, अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन किया जाए और समाज में आपसी मेल-जोल बना रहे। उन्होंने अफ्रीकी देशों से मिलकर उन वजहों को खत्म करने की अपील की जिनके कारण लोग अपना देश छोड़ते हैं। इनमें संघर्ष, अस्थिरता, कमजोर शासन, गरीबी और सामाजिक तनाव जैसी समस्याएं शामिल हैं। उनका कहना था कि अफ्रीका को हिंसा और संघर्ष खत्म करने, सभी को साथ लेकर चलने वाली सरकारें मजबूत करने और लोगों के लिए रोजगार व आर्थिक अवसर बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

दक्षिण अफ्रीका में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर नेल्सन मफ्फुह ने कहा कि लोगों का एक जगह से दूसरी जगह जाना अफ्रीका के इतिहास और उसके विकास का हमेशा से हिस्सा रहा है।

मफ्फुह ने कहा, “प्रवास और विस्थापन से जुड़ी चुनौतियों का समाधान लोगों को बदनाम करके, उन्हें अलग-थलग करके या कानून अपने हाथ में लेकर नहीं किया जा सकता। इसके लिए अच्छी सरकारी नीतियां, क्षेत्रीय सहयोग और कानून का पालन जरूरी है।”

पिछले कुछ महीनों में दक्षिण अफ्रीका में विदेशी नागरिकों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ जगहों पर प्रवासियों के कारोबार को जबरन बंद कराया गया, जबकि हिंसा की इन घटनाओं में कई लोगों की जान भी चली गई।