पटना, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के दौरान बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव और अशोक चौधरी ने अपने-अपने परिवार के सदस्यों के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच कर वोट डाला। मतदान के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया से बातचीत में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत का दावा करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, कार्यकर्ता आधारित राजनीति और स्थानीय जुड़ाव के पक्ष में मतदान कर रही है।
दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में जनादेश देगी और उपचुनाव में कमल के पक्ष में स्पष्ट परिणाम सामने आएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि बांकीपुर की जनता हमेशा अपने क्षेत्र से जुड़े और सुख-दुख में साथ रहने वाले प्रतिनिधि को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि लोग किसी बाहरी व्यक्ति के बजाय अपने ‘घर के बेटे’ को चुनना पसंद करते हैं। उनके मुताबिक, पहले नितिन नवीन को जनता का व्यापक समर्थन मिला और अब उसी विश्वास के साथ लोग नीरज कुमार सिन्हा को समर्थन दे रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि अब राजनीति में धनबल नहीं, बल्कि जनसेवा और जनता के बीच निरंतर मौजूद रहने का महत्व है। उन्होंने कहा कि मतदाता ऐसे व्यक्ति को चुन रहे हैं जो क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करता रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मतदान केंद्रों पर सभी वर्गों के मतदाता कमल चुनाव चिह्न के पक्ष में मतदान करते दिखाई दे रहे हैं।
प्रशांत किशोर का जन सुराज के समर्थकों को पुलिस द्वारा पकड़े जाने के आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर रामकृपाल यादव ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। यदि कोई भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। कानून के दायरे में रहकर ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया आगे बढ़ती है।
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव उस सीट पर हो रहा है, जहां से नितिन नवीन लगातार जनता का विश्वास जीतते रहे हैं और अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए अपने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से सीधा जुड़ाव सबसे महत्वपूर्ण होता है और वर्तमान एनडीए उम्मीदवार भी लंबे समय से जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं।
अशोक चौधरी ने कहा कि पार्टी हमेशा साधारण कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने में विश्वास करती है और नीरज कुमार सिन्हा उसी परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं। लोकतंत्र में कार्यकर्ताओं को अवसर देना संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। गिरफ्तारियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एहतियात के तौर पर कार्रवाई करती है। इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में सभी मतदाताओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार बांकीपुर में पिछली बार की तुलना में अधिक मतदान होगा और शिक्षित मतदाता लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाते हुए बड़ी संख्या में मतदान करेंगे।

