Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गुजरात के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, मौसम विभाग ने...

गुजरात के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी

0
5

अहमदाबाद, 30 जुलाई (आईएएनएस)। मौसम विभाग ने 31 जुलाई के लिए अहमदाबाद समेत गुजरात के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बहुत अधिक भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के डायरेक्टर अशोक कुमार दास ने बताया कि अहमदाबाद सहित कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है और अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने असामान्य बारिश की भी संभावना जताई है।

डायरेक्टर अशोक कुमार दास ने कहा कि अगले एक सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 30 जुलाई से 2 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को नर्मदा जिले में भारी बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण गुजरात के अहमदाबाद, बोटाद, जामनगर, आनंद, वडोदरा, छोटाउदेपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, दमण, दादर नगर हवेली में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। अहमदाबाद में शुक्रवार को 8 इंच तक बारिश हो सकती है, जबकि नर्मदा में 12 इंच तक वर्षा का पूर्वानुमान है।

वहीं, सुरेंद्रनगर, राजकोट, अमरेली, गांधीनगर, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद में ऑरेंज अलर्ट के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कच्छ, मोरबी, वाव, थराद, पाटन, महेसाणा, बनासकांठा, गांधीनगर समेत अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि एक अगस्त को भी अहमदाबाद और आनंद में अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। पाटन, वाव, थराद और बनासकांठा इलाके में एक अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है। डायरेक्टर अशोक कुमार दास ने बताया कि महेसाणा, साबरकांठा और अरवल्ली में भी भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। डिप डिप्रेशन, मानसून ट्रफ, शियर जोन, वेस्टर्न डिस्टर्बन्स और ऑफशोर ट्रफ सक्रिय रहने के कारण यह स्थिति बनी है।