Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय असम के राज्यपाल ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई सर्वे, राहत...

असम के राज्यपाल ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई सर्वे, राहत शिविरों का लिया जायजा

0
2

गुवाहाटी, 30 जुलाई (आईएएनएस)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुरुवार को राज्य के बाढ़ प्रभावित शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट जिलों का हवाई सर्वे कर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

हवाई सर्वे के बाद राज्यपाल ने शिवसागर जिले के लक्ष्मी नगर राहत शिविर और शिवसागर हाई स्कूल राहत शिविर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्यपाल ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी भी ली।

बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और असम सरकार संकट की इस घड़ी में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्यपाल ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम की बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए राज्य को हर जरूरी सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे बच्चों, महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रभावित परिवार आवश्यक सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि राहत कार्य पूरी संवेदनशीलता और प्रभावी तरीके से तब तक जारी रहें, जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते।

राज्यपाल ने जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन एजेंसियों, सुरक्षा बलों, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय समुदायों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी सभी ने राहत और बचाव कार्यों में सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि हर प्रभावित व्यक्ति तक समय पर राहत और पुनर्वास की सुविधाएं पहुंच सकें।

इस दौरान राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केशव महंत, शिवसागर के संरक्षक मंत्री बिमल बोरा, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी भी राज्यपाल के साथ मौजूद रहे।