Friday, July 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय चंडीगढ़ में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश के आसार, आईएमडी ने...

चंडीगढ़ में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश के आसार, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

0
5

चंडीगढ़, 31 जुलाई (आईएएनएस)। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 31 जुलाई से 3 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। वहीं 3, 4 और 5 अगस्त को चंडीगढ़ के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

आईएमडी के डायरेक्टर सुरेंद्र पॉल ने आईएएनएस को बताया कि अगले दो से तीन दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि अगस्त के पहले सप्ताह में बारिश की गतिविधियां काफी बढ़ सकती हैं। खासकर चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस साल अब तक मानसून सामान्य से कमजोर रहा है। 1 जून से अब तक पंजाब और हरियाणा में औसतन करीब 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। अगर आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रही तो पूरे मानसून सीजन में बारिश सामान्य से 30 से 40 प्रतिशत तक कम रह सकती है।

सुरेंद्र पॉल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का असर अब मौसम के पैटर्न में साफ दिखाई देने लगा है। पहले जहां बारिश लंबे समय तक सामान्य रूप से होती थी, वहीं अब कम समय में बहुत ज्यादा बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि जब मानसून कमजोर पड़ता है, तो बादल कई बार एक ही इलाके में जमा हो जाते हैं और अचानक मूसलाधार बारिश कर देते हैं। यही वजह है कि हाल के वर्षों में अत्यधिक बारिश की घटनाएं बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि तेज बारिश के कारण शहरों में जलभराव, ट्रैफिक जाम, बिजली आपूर्ति बाधित होने और लोगों की आवाजाही प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। कई शहरों का ड्रेनेज सिस्टम इतनी कम अवधि में होने वाली भारी बारिश को संभालने के लिए पर्याप्त नहीं है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

— आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी