काठमांडू, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भारत सरकार की वित्तीय मदद से नेपाल के लुंबिनी स्थित बांके जिले की खजुरा ग्रामीण नगरपालिका में एक नए विद्यालय भवन के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। इसकी जानकारी काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने दी।
भारतीय दूतावास में काउंसलर गीतांजलि ब्रैंडन और खजुरा ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष दम्बर बहादुर बी.के. ने संयुक्त रूप से ‘श्री जन कल्याण माध्यमिक विद्यालय’ के नए भवन की आधारशिला रखी।
इस परियोजना के लिए भारत सरकार अपने हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (एचआईसीडीपी) कार्यक्रम के तहत लगभग 3.2 करोड़ नेपाली रुपए (एनपीआर 32 मिलियन) की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।
दूतावास के अनुसार, इस परियोजना का कार्यान्वयन खजुरा ग्रामीण नगरपालिका के माध्यम से किया जाएगा। यह बांके जिले में भारत की सहायता से शुरू की गई आठवीं एचआईसीडीपी परियोजना है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों ने भारत के सहयोग का स्वागत करते हुए कहा कि नए विद्यालय भवन से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षकों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भारतीय दूतावास ने कहा कि यह परियोजना नेपाल के साथ भारत की सतत विकास साझेदारी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करना और नेपाल सरकार के सामाजिक-आर्थिक विकास प्रयासों को सहयोग देना है।
इस बीच, लुंबिनी प्रांत के दांग जिले स्थित राप्ती नेत्र अस्पताल में भारत सरकार की वित्तीय सहायता से निर्मित नए ऑपरेशन थिएटर भवन का गुरुवार को उद्घाटन किया गया।
भारतीय दूतावास की काउंसलर गीतांजलि ब्रैंडन और तुलसीपुर उपमहानगरपालिका के मेयर टीकाराम खड़का ने संयुक्त रूप से तुलसीपुर स्थित राप्ती नेत्र अस्पताल में दो मंजिला ऑपरेशन थिएटर भवन का उद्घाटन किया।
इस परियोजना का उद्देश्य पश्चिमी नेपाल में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
यह भवन भी एचआईसीडीपी के तहत तुलसीपुर उपमहानगरपालिका के माध्यम से भारत सरकार की वित्तीय सहायता से बनाया गया है। दांग जिले में भारत के सहयोग से पूरी हुई यह सातवीं एचआईसीडीपी परियोजना है।
भारत अपने विकास सहयोग कार्यक्रम के तहत नेपाल में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में एचआईसीडीपी परियोजनाओं के माध्यम से लगातार सहयोग कर रहा है।
वर्ष 2003 में शुरू की गई इस योजना को पहले स्मॉल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स (एसडीपी) के नाम से जाना जाता था। इसके तहत नेपाल सरकार की ओर से चिन्हित प्राथमिकता वाले क्षेत्रों जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, ग्रामीण विद्युतीकरण, जलविद्युत तथा नदी प्रबंधन में स्थानीय निकायों के माध्यम से लघु आधारभूत संरचना एवं सामुदायिक विकास परियोजनाओं को समर्थन दिया जाता है।
भारतीय दूतावास के अनुसार, एचआईसीडीपी कार्यक्रम की शुरुआत से अब तक भारत सरकार नेपाल के सभी सात प्रांतों और 74 जिलों में लगभग 600 विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन कर चुकी है।

