नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (आईबीपीएस) ने कस्टमर सर्विस एसोसिएट (सीएसए) के तौर पर कर्मचारियों की भर्ती और चयन के लिए कॉमन रिक्रूटमेंट प्रोसेस (सीआरपी सीएसए XVI) के तहत देशभर में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 11,403 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
आईबीपीएस की ओर से जिन बैंकों में कस्टमर सर्विस एसोसिएट (सीएसए) के 11,403 पदों पर भर्ती निकली है, उनमें बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक शामिल हैं।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आधार पर आईबीपीएस की ओर से जारी 11,403 रिक्तियों में अंडमान और निकोबार में 18, आंध्र प्रदेश में 186, अरुणाचल प्रदेश में 45, असम में 349, बिहार में 491, चंडीगढ़ में 20, छत्तीसगढ़ में 265, दादरा और नगर हवेली में 18, दमन और दीव में 7, दिल्ली में 415, गोवा में 61, गुजरात में 698, हरियाणा में 196, हिमाचल प्रदेश में 97, जम्मू-कश्मीर में 67, झारखंड में 182, कर्नाटक में 1,414, केरल में 108, लद्दाख में 6, लक्षद्वीप में 11, मध्य प्रदेश में 570, महाराष्ट्र में 1,051, मणिपुर में 42, मेघालय में 22, मिजोरम में 17, नागालैंड में 31, ओडिशा में 337, पुदुचेरी में 26, पंजाब में 481, राजस्थान में 392, सिक्किम में 28, तमिलनाडु में 675, तेलंगाना में 191, त्रिपुरा में 64, उत्तर प्रदेश में 1,731, उत्तराखंड में 145 और पश्चिम बंगाल में 946 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आईबीपीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए फॉर्म में सुधार करने का विंडो अवेदन प्रक्रिया बंद होने के अगले दो दिनों तक सक्रिय रहेगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री या इससे संबंधित योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर ऑपरेशन्स में सर्टिफिकेट/डिप्लोमा/डिग्री, या हाई स्कूल/कॉले में एक विषय के तौर पर कंप्यूटर/आई की पढ़ाई की होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा (वस्तुनिष्ठ परीक्षा), ऑनलाइन मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ परीक्षा), स्थानीय भाषा दक्षता परीक्षा (एलएलपीटी), आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 24,050 से 64,480 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, प्रारंभिक परीक्षा सितंबर में आयोजित होने की संभावना है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 875 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/ईएसएम/डीईएसएम श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी गई है।

