Sunday, August 2, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल संजना-अटापट्टू की शानदार पारी, श्रीलंका ने दूसरे टी20 में पाकिस्तान को 6...

संजना-अटापट्टू की शानदार पारी, श्रीलंका ने दूसरे टी20 में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया

0
9

दांबुला, 2 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान से मिले 176 रनों के लक्ष्य को श्रीलंकाई टीम ने 17.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया। इस जीत के साथ ही मेजबान टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी बना ली है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वालीं इमेशा दुलानी महज 5 रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि, इसके बाद कप्तान चमारी अटापट्टू और संजना कविंदी ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए महज 22 गेंदों में 44 रन जोड़े। अटापट्टू ने सिर्फ 15 गेंदों का सामना करते हुए 40 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, संजना 24 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 46 रन बनाने के बाद आउट हुईं।

विष्मी गुणरत्ने भी अच्छी लय में नजर आईं और उन्होंने 29 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया, जबकि हर्षिता समरविक्रमा 22 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को जीत दिलाकर लौटीं। हर्षिता ने अपनी इस पारी में 8 चौके लगाए। वहीं, कविशा दिलहरी 14 रन बनाकर नॉटआउट रहीं। गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से उम्मे हानी ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए।

इससे पहले, पाकिस्तान को कप्तान मुनीबा अली और शवाल जुल्फिकार ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़े। मुनीबा 30 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, जुल्फिकार ने 8 चौकों की मदद से 48 रन बनाए। इमान नसीर ने 21 रनों का योगदान दिया। आयशा जफर 8 रन बनाकर आउट हुईं।

सायरा जबीन ने 16 रनों का योगदान दिया। वहीं, अंत के ओवरों में ईमान फातिमा ने 19 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहीं। गेंदबाजी में श्रीलंका की तरफ से चमोदी प्रबोधा ने 4 ओवर के स्पेल में 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि अटापट्टू और कविशा दिलहारी ने एक-एक विकेट चटकाया।