Monday, August 3, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पप्पू यादव पर हमले को लेकर सपा का भाजपा पर हमला, कहा-राम...

पप्पू यादव पर हमले को लेकर सपा का भाजपा पर हमला, कहा-राम मंदिर चढ़ावा मामले पर चर्चा से बचने की कोशिश

0
5

लखनऊ, 3 अगस्त (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर संसद परिसर में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर भाजपा द्वारा सनातन धर्म के अपमान के लगाए गए आरोप और दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर हुए हमले को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा नेताओं ने एक ओर पप्पू यादव पर हुए हमले की निंदा की, वहीं भाजपा पर धर्म के मुद्दे पर राजनीति करने और दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

समाजवादी पार्टी की विधायक नसीम सोलंकी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पप्पू यादव पर हुए हमले की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला उन लोगों की बेचैनी को दर्शाता है जो नहीं चाहते कि राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आए।

सपा विधायक तूफानी सरोज ने कहा कि पप्पू यादव का उद्देश्य किसी धर्म या संत समाज का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि सांसद ने साधु का वेश धारण कर यह दिखाने की कोशिश की कि कुछ लोग साधु-संत का रूप धारण कर जनता को गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि इसका मकसद ढोंग और पाखंड को उजागर करना था, न कि पूरे संत समाज या सनातन परंपरा को निशाना बनाना।

वहीं सपा विधायक अंकित भाटी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति पर हमला सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है और इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि किसी पर सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाया जाता है तो ऐसे मामलों में सभी के लिए एक समान मानदंड होने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यक्रमों में भी कई बार धार्मिक प्रतीकों और आस्था से जुड़े आयोजनों का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया, लेकिन उस पर सवाल नहीं उठाए जाते। उनका कहना है कि भाजपा धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है, जबकि राजनीति का उद्देश्य जनता के मुद्दों पर काम करना और विकास के आधार पर समर्थन मांगना होना चाहिए।

सपा विधायक संदीप सिंह पटेल ने भी भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “अगर आप भारतीय जनता पार्टी के चरित्र को देखें, तो नितिन नवीन के सामने भगवान हनुमान की वेश में एक व्यक्ति से नृत्य करवाया गया। दुनिया भर के लोग भगवान हनुमान को गहरी आस्था और सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। जब भाजपा ऐसी हरकतें करती है, तो उस पर कोई आरोप नहीं लगाया जाता।”