Wednesday, August 5, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल फीफा प्रमुख इन्फेंटिनो ने मोरक्को में सीनियर स्टाफ संग बुलाई संकटकालीन बैठक

फीफा प्रमुख इन्फेंटिनो ने मोरक्को में सीनियर स्टाफ संग बुलाई संकटकालीन बैठक

0
9

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। फीफा प्रमुख जियानी इन्फेंटिनो बुधवार को मोरक्को में एक संकटकालीन बैठक करेंगे। यह बैठक फीफा के कमर्शियल और इवेंट ऑपरेशन्स को बेचने की उनकी योजना की कड़ी आलोचना के बाद बुलाई गई है।

इन्फेंटिनो को ‘फीफा फॉरवर्ड एंटरप्राइज’ (एफएफई) बनाने की अपनी योजना वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह कंपनी फीफा के टूर्नामेंट्स के कमर्शियल और ऑपरेशनल पहलुओं को चलाने के लिए बनाई जानी थी। यूईएफए, कॉनकाकैफ, एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (एएफसी) और कई राष्ट्रीय संघों के साथ-साथ फीफा के अंदर से भी इस योजना का भारी विरोध हुआ था।

‘स्काई स्पोर्ट्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, इन्फेंटिनो ने फुटबॉल की विश्व शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) के सीनियर अधिकारियों को रबात में होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए कहा है। फीफा के ग्लोबल फुटबॉल डेवलपमेंट प्रमुख आर्सेन वेंगर ने विवादित ‘फीफा फॉरवर्ड एंटरप्राइज’ (एफएफई) प्रस्ताव को वापस लेने के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को छोड़ना जरूरी और निर्विवाद था और उन्होंने एक स्वतंत्र और पारदर्शी विश्व शासी निकाय में अपना भरोसा फिर से जताया।

एक बयान में वेंगर ने स्पष्ट किया कि इस रणनीतिक प्रस्ताव में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। इस प्रस्ताव का मकसद फीफा के प्रमुख कॉम्पिटिशन राइट्स (जैसे फीफा वर्ल्ड कप) को मैनेज करने के लिए एक कमर्शियल सब्सिडियरी बनाना था, इसके साथ ही निजी निवेशकों को इक्विटी हिस्सेदारी खरीदने की अनुमति देना था।

यूईएफए ने इस विवादित प्रस्ताव के जवाब में कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी थी, और फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ वेल्स ने फीफा अध्यक्ष के तौर पर इन्फेंटिनो के दोबारा चुने जाने की कोशिश के लिए अपना समर्थन आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है। इसके अलावा, एफए भी फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो से समर्थन वापस लेने जा रहा है। वेल्स पहला फुटबॉल संघ बन गया है जिसने फीफा अध्यक्ष के तौर पर इन्फेंटिनो के दोबारा चुने जाने के लिए अपना समर्थन आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है।

अगले साल मार्च में इन्फेंटिनो अध्यक्ष के तौर पर अपने आखिरी कार्यकाल के लिए दोबारा चुनाव लड़ने वाले हैं और उन्हें जीतने के लिए फीफा के 211 सदस्यों में से 106 वोटों की जरूरत होगी। फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ वेल्स (एफएडब्ल्यू) ने पुष्टि की है कि वह “2027-2031 कार्यकाल के लिए फीफा अध्यक्ष के तौर पर दोबारा चुनाव के लिए मिस्टर जियानी इन्फेंटिनो की उम्मीदवारी से अपना समर्थन वापस ले रहा है।”