पटना, 5 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव और जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बांकीपुर उपचुनाव और प्रशांत किशोर के बयान सहित अन्य राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रियाएं दी। रामकृपाल यादव ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर झूठ बोल रहे हैं।
प्रशांत किशोर के बांकीपुर को बेंगलुरु बनाने वाले बयान पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, “प्रशांत किशोर एक अच्छे इंसान हैं। लोगों ने उन्हें चुना है और उन्हें एक बुद्धिजीवी माना जाता है। बुद्धिजीवी हलकों में उन्हें लोगों का समर्थन मिला है। हालांकि, गलत बयान नहीं देने चाहिए। मैंने खुद उनके बयान देखे हैं और पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि उन्होंने वे बयान दिए थे। पूरे देश ने उन्हें देखा है। जरूरत पड़ने पर मैं उनके बयान का वीडियो भी भेज सकता हूं। उन्होंने कहा था, ‘मैं बांकीपुर को बेंगलुरु बना दूंगा’ लेकिन अब वे अपना रुख बदलते दिख रहे हैं। अभी से ही जनता को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से जो वादे किए थे, उसका जवाब देना पड़ेगा।”
संसद में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर विपक्ष द्वारा हंगामा किए जाने पर रामकृपाल यादव ने कहा, “विपक्ष बस एक एजेंडा बनाने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि उनके पास कोई असली मुद्दा नहीं है। वे चोरी और अन्य आरोप लगाते रहते हैं। जिस तरह से संतों का अपमान किया गया है और उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस मुद्दे को हल्के में ले रहे हैं। वे इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं बल्कि वे इसका तमाशा बना रहे हैं। उनके सांसद घटनास्थल का दौरा कर रहे हैं और राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं।”
प्रशांत किशोर द्वारा मनोज तिवारी को लेकर दिए गए बयान पर रामकृपाल यादव ने कहा, “क्या भरत तिवारी के परिवार से मिलना कोई अपराध है? मनोज तिवारी सांसद हैं और बिहार के बेटे हैं। यह उनकी जिम्मेदारी है कि भरत तिवारी के परिवार को न्याय मिले, और सरकार न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। हर स्तर पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। प्रशांत किशोर इससे परेशान क्यों हैं? वे जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी सार्वजनिक छवि के लिए ठीक नहीं है। उनसे किसी को धमकाने, मारपीट करने या गाली-गलौज करने की उम्मीद नहीं की जाती।”
पेपर लीक को लेकर झारखंड में जेन-जी के विरोध प्रदर्शन पर जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा, “यह बहुत संवेदनशील मामला है और युवा बहुत नाराज हैं, सिर्फ़ एक राज्य में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में। प्रधानमंत्री ने अनुभवी विशेषज्ञों और जानकार लोगों की छह सदस्यीय कमेटी बनाकर इसका समाधान निकालने की कोशिश की है। कमेटी इस मुद्दे को सुलझाने के तरीकों पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। हालांकि, युवाओं का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है। यह अशांति अब झारखंड तक भी पहुंच गई है। झारखंड की सरकार को युवाओं से बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए।”
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर प्रशांत किशोर के हमले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “प्रशांत किशोर की भाषा में अहंकार दिखाई देने लगा है। प्रशांत किशोर को राजद का भी बड़ी मात्रा में वोट मिला है।” प्रशांत किशोर द्वारा बिहार की राजनीति में सम्राट चौधरी की भूमिका और नेतृत्व पर सवाल उठाए जाने पर कहा, “बांकीपुर में उपचुनाव था। भाजपा और एनडीए दो तिहाई बहुत से बिहार सरकार में है। उपचुनाव में भाजपा की हार की हम गहन समीक्षा करेंगे।”

