Wednesday, August 5, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कोलकाता : मंत्री अग्निमित्रा पॉल का टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पर तीखा...

कोलकाता : मंत्री अग्निमित्रा पॉल का टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पर तीखा हमला, कहा- लोगों के कोई काम नहीं करते

0
5

आसनसोल, 5 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा इतने सालों में कभी भी हमारी मदद के लिए आगे नहीं आए और अब हमारी डबल इंजन की सरकार है तो वह मिलकर काम करने की सलाह दे रहे हैं।

अग्निमित्रा पॉल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इतने सालों तक शत्रुघ्न सिन्हा कहां थे? वह दो बार सांसद रह चुके हैं। वह कहां थे? अब जब हमारी सरकार सत्ता में आई है, तो आप कह रहे हैं कि आप विधायकों के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं? क्यों? पिछले साल जब हमने बार-बार प्रशासनिक बैठकों में बुलाए जाने का अनुरोध किया था, तब आपको ऐसा क्यों नहीं लगा?

उन्होंने कहा कि हमारे मौजूदा मुख्यमंत्री सभी को बुलाते हैं। लेकिन, हमें पिछली सरकार में कभी नहीं बुलाया गया। शत्रुघ्न सिन्हा ने तो कभी हमें एक बार भी फोन नहीं किया। अब, अचानक, सबको ऐसा लग रहा है कि हमें मिलकर काम करना चाहिए, एकजुट रहना चाहिए और विकास पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम आपके फैन हैं, लेकिन आपके राजनीतिक काम के नहीं बल्कि आपके एक्टिंग के फैन हैं। आप जिस इंडस्ट्री से आते हैं, आपको तो और ध्यान देना चाहिए कि सबको साथ लेकर चलें। जो क्रिएटिव लोग होते हैं, वे सबको साथ लेकर चलते हैं, लेकिन शत्रुघ्न सिन्हा किसी के साथ नहीं रहे।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि आप किसी काम भी नहीं आ सके। पार्टी के लिए कोई काम नहीं किया। हम लोग तो आपको देख तक नहीं पाए। बीच-बीच में गायब हो जाते हैं और फिर प्रकट हो जाते हैं। हम तो कभी-कभी सुनते हैं कि वे आए थे और किसी ग्रैंड होटल में रुके हुए थे। ऐसे काम नहीं चलता।

उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आप लोग पार्टी से टिकट ले लेते हैं, चुनाव लड़ते हैं, लेकिन जनता के लिए कोई काम नहीं करते। एक शख्स को भी एम्स में इलाज के लिए ले जाना होता था तो हम लोगों को बहुत परेशानी होती थी। तब वह मदद करने के लिए आगे नहीं आए। अब वह पूछ रहे हैं क्योंकि अब हमारी डबल इंजन की सरकार है।