लंदन, 5 अगस्त (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को हाल ही में इंग्लैंड टेस्ट टीम का हेड कोच बनाया गया है। हेड कोच बनने के बाद फ्लेमिंग अपने सहायक कोचों की टीम तैयार करने में जुट गए हैं। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के बल्लेबाजी कोच के लिए ऑस्ट्रेलिया का एक पूर्व दिग्गज बल्लेबाज फ्लेमिंग का पसंदीदा बताया जा रहा है।
7न्यूज ऑस्ट्रेलिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक स्टीफन फ्लेमिंग ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हसी से इंग्लैंड की टेस्ट टीम के बल्लेबाजी कोच के लिए संपर्क किया है। फ्लेमिंग हसी को सहायक बल्लेबाजी कोच बनाना चाहते हैं और उनकी रुचि जानने के लिए उन्होंने संपर्क किया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने अभी तक किसी आधिकारिक अनुबंध का प्रस्ताव नहीं रखा है। हसी फिलहाल इंग्लैंड में चल रही ‘द हंड्रेड’ में वेल्श फायर को कोचिंग दे रहे हैं।
माइकल हसी अगर इंग्लैंड टेस्ट बैटिंग कोच पद के लिए अपनी रुचि दिखाते हैं और उन्हें नियुक्त किया जाता है, तो फिर लंबे समय तक आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए एक साथ काम करने वाली जोड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार एक साथ दिखेगी। हसी फिलहाल सीएसके के बल्लेबाजी कोच हैं। वह 2018 से ही इस पद पर हैं, जबकि फ्लेमिंग सीएसके के मुख्य कोच पद पर 2009 से थे। इंग्लैंड टेस्ट टीम का हेड कोच नियुक्त किए जाने से पहले उन्होंने सीएसके के मुख्य कोच का पद छोड़ा था। हसी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 79 टेस्ट मैचों की 137 पारियों में 19 शतक और 29 अर्धशतक लगाते हुए 6,235 रन बनाए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक फ्लेमिंग गेंदबाजी कोच के लिए दक्षिण अफ्रीका एरिक सिमंस को अप्रोच कर सकते हैं। सिमंस भी लंबे समय से सीएसके में उनके साथ रहे हैं।
फ्लेमिंग दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान आधिकारिक रूप से इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच का पद संभालेंगे। इंग्लैंड को पाकिस्तान के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। यह सीरीज 19 अगस्त से शुरू हो रही है। इस सीरीज में इंग्लैंड के अंतरिम हेड कोच पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्क्स ट्रेस्कोथिक होंगे।

