नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर मैनेजर सहित विभिन्न 206 खाली पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
बीओबी ने अपने जिन विभागों में 206 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें डिजिटल बैंकिंग विभाग में 19, सुविधा प्रबंधन विभाग में 88, सूचना सुरक्षा विभाग में 16, सुरक्षा विभाग में 54, एंटरप्राइज डेटा मैनेजमेंट ऑफिस विभाग में 14, कॉर्पोरेट अकाउंट्स और टैक्स प्लानिंग विभाग में 15 पद शामिल हैं।
डिजिटल बैंकिंग विभाग के 19 पदों में मैनेजर – डिजिटल प्रोडक्ट के 13, सीनियर मैनेजर – डिजिटल प्रोडक्ट का 1 और प्रोडक्ट मैनेजर – डिजिटल लेंडिंग के 5 पद शामिल हैं। सुविधा प्रबंधन विभाग के 88 रिक्तियों में तकनीकी अधिकारी – सिविल इंजीनियर के 35, टेक्निकल मैनेजर – सिविल इंजीनियर के 21, टेक्निकल सीनियर मैनेजर – सिविल इंजीनियर के 6, टेक्निकल ऑफिसर – इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के 15, टेक्निकल मैनेजर – इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के 9 और टेक्निकल सीनियर मैनेजर – इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के 2 पद शामिल हैं।
सूचना सुरक्षा विभाग के 16 पदों में मैनेजर – सूचना सुरक्षा के 13 और सीनियर मैनेजर – सूचना सुरक्षा के 3 पद शामिल हैं। सुरक्षा विभाग में जारी 54 रिक्तियों में मैनेजर – सुरक्षा के 54 पद शामिल हैं। एंटरप्राइज डेटा मैनेजमेंट ऑफिस विभाग के 14 रिक्तियों में मुख्य मैनेजर – डेटा वैज्ञानिक का 1, सीनियर मैनेजर – डेटा वैज्ञानिक का 1, सीनियर मैनेजर – डेटा प्रोफाइलिंग के 2, सीनियर मैनेजर – डेटा गुणवत्ता विश्लेषक के 2 और सीनियर मैनेजर – बीआई और डैशबोर्ड डेवलपमेंट के 8 पद शामिल हैं।
वहीं, कॉर्पोरेट अकाउंट्स और टैक्स प्लानिंग विभाग के 15 रिक्तियों में मैनेजर-टैक्सेशन के 5, मैनेजर-अकाउंट्स के 5, सीनियर मैनेजर-टैक्सेशन के 2, सीनियर मैनेजर-अकाउंट्स के 2 और चीफ मैनेजर – इन्वेस्टर रिलेशंस का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार बीओबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार बीई/बीटेक (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/कंप्यूटर साइंस/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग/कंप्यूटर एप्लीकेशन/सूचना प्रौद्योगिकी/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार/इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार/इलेक्ट्रॉनिक्स और इंस्ट्रूमेंटेशन/सिविल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग/कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग या संबंधित), ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन, बीएससी (कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) या एमएससी (कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/डेटा साइंस) या बीसीए या मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन्स या ग्रेजुएशन (डेटा साइंस/स्टैटिस्टिक्स/एप्लाइड मैथमेटिक्स), चार्टर्ड अकाउंटेंट/आईसीडब्ल्यूए आदि होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 2 से 10 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु पोस्ट के अनुसार 23 से 31 वर्ष के बीच और अधिकतम आयु 35 से 43 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू (पीआई)/साइकोमेट्रिक टेस्ट या कोई अन्य टेस्ट, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 48,480 से 1,20,940 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवार के लिए 850 रुपए और एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी, ईएसएम/डीईएसएम और महिलाओं के लिए 175 रुपए तय किया गया है।

