बेंगलुरु, 6 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की एफ57 शॉट पुट इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वालीं राज्य की पैरा-एथलीट शिल्पा कंचुगरकोप्पालु शायला को सम्मानित किया। शिल्पा ने कहा है कि वह भविष्य में भी देश और कर्नाटक के लिए मेडल जीतेगीं।
शिल्पा शायला ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, “मैं सभी का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सभी ने मेरा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। इससे मुझे काफी खुशी और गर्व महसूस हुआ। मैं इसी तरह आपका भरोसा जीतती रहूंगी। मैं अपने देश और कर्नाटक के लिए और भी कई मेडल जीतूंगी।”
इससे पहले, बुधवार को केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शिल्पा के साथ उनके कोच सत्यनारायण और पुष्पा निरंजन प्रसाद को सम्मानित किया था। केंद्रीय मंत्री ने शिल्पा की इस उपलब्धि को कर्नाटक और पूरे देश के लिए गर्व का पल मानते हुए उन्हें युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया था।
शिल्पा ने 28 जुलाई की देर रात विमेंस शॉट पुट एफ57 प्रतियोगिता में 8.65 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। उनके अलावा, शर्मिला धनखड़ ने इसी स्पर्धा में 9.81 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ गोल्ड जीता था। शिल्पा ने 6.69, 6.95, 7.26, 6.91 और 7.09 मीटर के प्रयास किए, उनका छठा प्रयास अमान्य रहा था।
वहीं, भारतीय पैरा एथलीट शर्मिला ने ‘विमेंस शॉट पुट एफ57’ वर्ग की फाइनल स्पर्धा में 9.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते हुए गोल्ड अपने नाम किया था। उन्होंने छह प्रयासों में क्रमशः 9.48, 9.58, 9.81, 9.17, 9.37 और 9.60 मीटर की दूरी तय की थी।
घाना की जिनाबु इसाह ने 8.65 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सिल्वर मेडल जीता, जिन्होंने अपने छह प्रयासों में 8.65, 8.37, 8.60, 7.98, 8.24 और 8.09 मीटर का थ्रो किया।
भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कुल 39 पदकों के साथ मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया था। इसमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल रहे। इस यादगार अभियान में पैरा एथलीट्स ने अहम योगदान देते हुए कुल 7 मेडल (3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल) जीते।

