नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के तहत डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन (डीआईसी) के अधीन काम करने वाला एक राष्ट्रीय मंच, डिजिटल इंडिया भाषिनी प्रभाग (डीआईबीडी), ने युवा पेशेवर (यंग प्रोफेशनल) के विभिन्न पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
डीआईबीडी-डीआईसी की ओर से यंग प्रोफेशनल्स पोस्ट के लिए जारी 8 रिक्तियों में यंग प्रोफेशनल (एआई इंजीनियर), यंग प्रोफेशनल (एमएल इंजीनियर), यंग प्रोफेशनल (एपीआई डेवलपर), यंग प्रोफेशनल – फुल स्टैक डेवलपर (ओपन सोर्स), यंग प्रोफेशनल (साइबर सिक्योरिटी), यंग प्रोफेशनल (लीगल), यंग प्रोफेशनल (सपोर्ट/ऑनबोर्डिंग) और यंग प्रोफेशनल (एडमिन) का 1-1 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि विज्ञापन की तारीख से 30 दिनों तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार भाषिनी, डीआईसी, एनईजीडी या एमईआईटीवाई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित क्षेत्र के अनुसार टेक्नोलॉजी विषयों में बीएस/बीई/बीटेक/एमएस/एमई/एमटेक/एमसी, लॉ (एलएलबी) में बैचलर डिग्री, कोई भी ग्रेजुएट (एमबीए के साथ हो तो बेहतर) आवेदन करने के पात्र हैं।
आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदकों की शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 50,000 रुपए प्रति माह होगी। वहीं, कैंडिडेट्स को भर्ती और योग्यता से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए डीआईबीडी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

