Saturday, August 8, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता, सेंट्रल नोएडा में मार्गों...

कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता, सेंट्रल नोएडा में मार्गों और शिविरों का किया निरीक्षण

0
6

नोएडा, 8 अगस्त (आईएएनएस)। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ सेंट्रल नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा मार्गों और कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मार्गों पर की गई बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति को देखा। इसके साथ ही कांवड़ यात्रियों के लिए उपलब्ध पेयजल और चिकित्सा सहायता जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली गई।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्गों और शिविरों में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहें। पुलिस उपायुक्त ने विभिन्न स्थानों पर लगाए गए कांवड़ शिविरों का भी निरीक्षण किया। शिविर संचालकों और वहां मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

उन्होंने यात्रा कर रहे शिव भक्तों से भी वार्ता कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यात्रा मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करें।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए ब्रीफ किया गया। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रियों की आवाजाही के दौरान आम लोगों को भी कम से कम परेशानी हो, इसके लिए यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया। जरूरत के अनुसार यातायात को नियंत्रित करने, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और कांवड़ यात्रा मार्ग पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने तथा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को लेकर लगातार किए जा रहे निरीक्षण और ब्रीफिंग का उद्देश्य श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम बनाना है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।