काठमांडू, 9 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह कूटनीतिक बैठकों को लेकर खुद के बनाए नियमों की वजह से काफी चर्चा में रहे हैं। हालांकि इन नियमों को तोड़ते हुए पीएम 10 अगस्त से काठमांडू में विदेशी राजदूतों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसकी शुरुआत वह नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात के साथ करेंगे।
नेपाल न्यूज ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि शाह सोमवार सुबह भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से और दोपहर बाद चीनी राजदूत झांग माओमिंग से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मंगलवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी स्कॉट अर्बोम और नेपाली पीएम बालेंद्र शाह की द्विपक्षीय बैठक होगी।
दरअसल, उच्चस्तरीय शिष्टाचार भेंटें, जो हाल ही में सुनसरी और आसपास के जिलों में हुई सांप्रदायिक हिंसा के कारण मूल रूप से स्थगित हो गई थीं। 27 मार्च को पदभार संभालने के बाद बालेंद्र शाह की काठमांडू स्थित विदेशी प्रतिनिधियों के साथ पहली व्यक्तिगत बैठकें हैं। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों और संबंधित सरकारों के आधिकारिक संदेशों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
नेपाल में जेन-जी आंदोलन के बाद हुए चुनाव में जनता ने अपना भरोसा बालेंद्र शाह पर दिखाया था, हालांकि चुनाव बाद बालेंद्र शाह सरकार के कार्यशैली ने नेपाल की जनता को निराश किया। यही कारण है कि लोग अपने मुद्दों को लेकर लगातार सड़कों पर उतर रहे हैं। हालात ये है कि अब तो उनकी पार्टी के अंदर भी फूट की खबरें सामने आने लगी हैं। इसका ताजा उदाहरण नेपाल की संसद में तब देखने को मिला, जब राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता मनीष झा ने पीएम शाह की कार्यशैली की आलोचना की।
हालांकि आरएसपी के प्रमुख रबी लामिछाने ने जनता से राजनीतिक अस्थिरता की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की शनिवार शाम काठमांडू में एक कार्यक्रम में लामिछाने ने मौजूदा राजनीतिक बातचीत को कुछ समय का शोर बताया, जिसका कोई असली मतलब नहीं है और समर्थकों को भरोसा दिलाया कि उनकी सिंगल-पार्टी सरकार देश को आगे बढ़ाने में पूरी तरह सक्षम है। गवर्नेंस और एविएशन के बीच तुलना करते हुए आरएसपी चीफ ने रोजाना के सरकार के अंदर टकराव की तुलना छोटे बादलों से गुजरते हुए हवाई जहाज से की।

