Sunday, August 9, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल 19 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज, इंग्लिश ओपनर एमिलियो के...

19 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज, इंग्लिश ओपनर एमिलियो के फिट होने की उम्मीद

0
8

लंदन, 9 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड के लिए अच्छी खबर है। ओपनर एमिलियो गे इस मैच से पहले अपनी फिटनेस वापस हासिल कर सकते हैं। एमिलियो शुक्रवार को मिडलसेक्स के खिलाफ डरहम के लिए खेलते हुए अपना कंधा चोटिल करवा बैठे थे।

एमिलियो ने इसी साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू किया था। उन्होंने टेस्ट करियर की 6 पारियों में 23.16 की औसत के साथ 139 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं। बेन डकेट के साथ उनकी साझेदारी ने टीम मैनेजमेंट को प्रभावित किया है। जैक क्रॉली खराब प्रदर्शन के कारण टीम से हटाए गए हैं, जिसके बाद मैनेजमेंट एमिलियो को मौके देने का इच्छुक है।

‘डेली मेल स्पोर्ट’ के अनुसार, शनिवार को हुए एमिलियो के स्कैन में कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई, जिससे गे बेन डकेट के साथ अपनी ओपनिंग साझेदारी जारी रख सकेंगे।

इंग्लिश टीम पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के साथ एक नए दौर की शुरुआत करने जा रही है। यह सीरीज साल 2022 में कप्तानी छोड़ने के बाद इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान के रूप में जो रूट के दूसरे कार्यकाल का पहला आधिकारिक असाइनमेंट भी होगी। टीम चयन प्रक्रिया में हाल ही में नियुक्त हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग भी शामिल रहे। वहीं, मार्कस ट्रेस्कोथिक इस सीरीज में अंतरिम हेड कोच के रूप में टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि इसके बाद फ्लेमिंग पूर्णकालिक रूप से मुख्य कोच का पदभार ग्रहण करेंगे।

दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज में 3 मैच खेले जाने हैं। पहला मुकाबला 19 अगस्त से लीड्स में खेला जाएगा। दूसरे मैच की शुरुआत 27 अगस्त से लॉर्ड्स में होगी, जबकि तीसरा मैच 9 सितंबर से बर्मिंघम में आयोजित होगा।

इस सीरीज से पहले इंग्लैंड के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज जैकब बेथेल घुटने की चोट के कारण बाहर हो गए हैं; जिन्हें यह चोट भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी थी। इंग्लैंड की टीम घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के हाथों 2-1 से हारने के बाद इस मुकाबले में उतर रही है, जबकि दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने के बाद यहां आई है।