Sunday, August 9, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय अफगानिस्तान में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्‍त, छह गिरफ्तार

अफगानिस्तान में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्‍त, छह गिरफ्तार

0
7

काबुल, 9 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के उत्तरी तखार प्रांत में पुलिस ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ (नशीले पदार्थ) बरामद किए हैं और छह लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता निजामुद्दीन ओमिर ने रविवार को यह जानकारी दी।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ओमिर के मुताबिक, संदिग्धों को शनिवार रात उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे कथित तौर पर वाहनों में छिपाकर नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मामले को संबंधित अधिकारियों के पास भेज दिया गया है और आरोपियों से शुरुआती पूछताछ की जा रही है।

सरकारी मीडिया बख्तर न्यूज एजेंसी के अनुसार, 16 जुलाई को अफगान पुलिस ने उत्तर-पूर्वी बदख्शां प्रांत में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान 241 किलोग्राम अवैध ड्रग्स बरामद की थी और नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया था।

रिपोर्ट के अनुसार, विशेष पुलिस बलों ने पुल-ए-बेगुम और ताशकान इलाकों में छापेमारी के दौरान यह नशीला सामान बरामद किया। ड्रग्स एक वाहन और एक घर से मिली थीं।

बयान में कहा गया कि इन अभियानों के दौरान नौ लोगों को हिरासत में लिया गया। संदिग्धों के खिलाफ जांच जारी है। अधिकारियों ने एक बार फिर देशभर में ड्रग तस्करी और उससे जुड़े अपराधों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

निमरोज प्रांत में मादक पदार्थ विरोधी पुलिस के कमांडर मौलवी एस्मतुल्ला अहमद ने बताया कि पश्चिमी अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत में कई अभियानों के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध नशीला सामान बरामद किया गया है।

उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह में 84 किलोग्राम अफीम, 130 किलोग्राम मेथामफेटामिन और 200 किलोग्राम से अधिक ऐसे अवैध पदार्थ जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल अफीम और हेरोइन बनाने में किया जाता है।

अधिकारी ने बताया कि प्रांत में अवैध ड्रग्स की तस्करी में शामिल होने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इसी तरह, अवैध ड्रग्स के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने 15 जुलाई को उत्तरी बदख्शां प्रांत में सार्वजनिक रूप से 730 किलोग्राम अफीम को आग लगाकर नष्ट कर दिया था।

चार जुलाई को भी तखार प्रांत में एक विशेष अभियान के दौरान अफगान पुलिस ने 60 किलोग्राम अवैध ड्रग्स जब्त की थी और दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया था।

प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता निजामुद्दीन ओमिर के अनुसार, तस्करों ने 52 किलोग्राम अफीम और आठ किलोग्राम चरस को एक वाहन के गुप्त हिस्सों में छिपाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस ने छापेमारी के दौरान ड्रग्स बरामद कर ली।

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, दो जुलाई को अफगान सुरक्षा बलों ने पूर्वी गजनी प्रांत में एक बड़े ड्रग तस्करी प्रयास को नाकाम कर दिया था। इस कार्रवाई में 215 किलोग्राम अफीम जब्त की गई थी।