Monday, August 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भाजपा मुद्दों से ध्यान भटका रही, पीडीए की बढ़ती ताकत से घबराई...

भाजपा मुद्दों से ध्यान भटका रही, पीडीए की बढ़ती ताकत से घबराई सरकार: अवधेश प्रसाद

0
5

अयोध्या, 9 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने शनिवार को भाजपा सरकार पर किसानों, कानून-व्यवस्था, बिजली और महंगाई जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार पीडीए की बढ़ती ताकत से घबरा गई है।

सांसद अवधेश प्रसाद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “भाजपा सरकार किसानों की खाद, कानून-व्यवस्था, बिजली और महंगाई जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। केशव प्रसाद मौर्य की राजनीतिक हैसियत क्या रह गई है, यह सब जानते हैं। भाजपा को पीडीए की बढ़ती ताकत की चिंता सता रही है।”

अवधेश प्रसाद ने केंद्र सरकार पर युवाओं के साथ ज्यादती का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “युवा और छात्र हमारे देश की अनमोल संपत्ति हैं। किसी देश की असली दौलत सोना, चांदी या हीरा नहीं बल्कि उसके युवा, छात्र और नागरिक होते हैं। भाजपा सरकार में युवाओं पर हो रहे ज़ुल्म को देखिए। हाल ही में देश के हर कोने से लाखों छात्र और निहत्थे युवा जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए लेकिन उन्हें लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा। हजारों लोगों के हाथ-पैर टूटे और सिर में चोटें आईं। हमारी नेता डिंपल यादव के हाथ में भी चोट लगी। हम लोग भी वहां मौजूद थे। राहुल गांधी और अखिलेश यादव को तो गिरफ्तार भी किया गया।”

उन्होंने कहा, “इस मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद में मांग की जा रही है। विपक्ष बार-बार मांग कर रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री सदन में आएं और बयान दें क्योंकि लोकतंत्र में इससे बड़ा कोई मंच नहीं है। फिर भी अफसोस की बात है कि सरकार खुद नहीं चाहती कि सदन चले। सदन एक दिन भी नहीं चल पाया है।”

झारखंड में छात्रों के विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा, “झारखंड भी हमारे देश का ही हिस्सा है। छात्र किसी एक राज्य के नहीं होते। उनका अपना शानदार इतिहास रहा है। जब भी इस देश के छात्रों ने कमान संभाली है, सरकार बदली है। पूरा विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है। सरकार समाधान नहीं निकालना चाहती। झारखंड के उन छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। हम, हमारी पार्टी और हमारे नेता उनके साथ हैं और उनकी लड़ाई लड़ेंगे।”

राम मंदिर की स्वतंत्र ऑडिट रिपोर्ट को लेकर अवधेश प्रसाद ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “यह गलत है। इतना भ्रष्टाचार हुआ है कि उसे गिना भी नहीं जा सकता और सरकार इसे दबा रही है। सरकार भले ही इसे दबा दे लेकिन यह राम मंदिर के चढ़ावे की लूट और चोरी है। भगवान राम उन्हें माफ नहीं करेंगे।”