Monday, August 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले सांसद मनीष जायसवाल, झारखंड भर्ती परीक्षा...

गृह मंत्री अमित शाह से मिले सांसद मनीष जायसवाल, झारखंड भर्ती परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग उठाई

0
7

रांची, 10 अगस्त (आईएएनएस)। हजारीबाग से भाजपा सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और झारखंड से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, छात्रों के आंदोलन, राज्य की कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, अवैध नशे के कारोबार और खनिज संपदा की कथित लूट का मुद्दा उठाया।

सांसद जायसवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बताया कि जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और सीटों की कथित खरीद-बिक्री के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों की राज्य सरकार की ओर से कराई जा रही सीआईडी जांच को लेकर अभ्यर्थियों और छात्रों के बीच सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह मामला केवल भर्ती परीक्षाओं तक सीमित नहीं है। इससे झारखंड के पांच लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य और सरकारी भर्ती व्यवस्था में उनके विश्वास का सवाल जुड़ा है। उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों और मौजूदा स्थिति की जानकारी भी गृह मंत्री को दी। मुलाकात के दौरान सांसद ने झारखंड की कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने राज्य में बढ़ते संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों पर चिंता जताई।

हजारीबाग और रामगढ़ समेत विभिन्न इलाकों में कथित रूप से बढ़ रहे अवैध नशे के कारोबार का मामला भी उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के सामने रखा। जायसवाल ने झारखंड की खनिज संपदा से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्राकृतिक संसाधनों की लूट हो रही है और इस पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।

सांसद ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, राज्य की कानून-व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के साथ इन सभी मुद्दों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।