Tuesday, August 11, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय महाराष्ट्र : पालघर में एक घंटे के अंतराल में भूकंप के दो...

महाराष्ट्र : पालघर में एक घंटे के अंतराल में भूकंप के दो झटके, 3.4 रही तीव्रता

0
5

पालघर, 11 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार रात एक घंटे के भीतर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। दोनों भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 दर्ज की गई। भूकंप की गहराई जमीन से महज 5 किलोमीटर नीचे थी। यह जानकारी पालघर जिला अधिकारी कार्यालय से मिली है।

भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, पहला भूकंप 10 अगस्त की रात 10:04:11 बजे आया। इसका केंद्र 19.883 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.164 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।

करीब एक घंटे बाद रात 11:00:52 बजे दूसरा झटका महसूस हुआ। इसका केंद्र 19.912 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.167 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। दूसरे भूकंप की गहराई भी 5 किलोमीटर रही।

एक ही रात में इतने कम अंतराल पर दो बार धरती कंपन से पालघर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल रहा। लोग घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल दोनों भूकंपों से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र के नासिक जिले में भी शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.3 थी।

एनसीएस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, यह भूकंप 8 अगस्त की रात 10 बजकर 59 सेकंड पर आया था। भूकंप का केंद्र 20.424 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.682 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।

भूकंप की गहराई जमीन के अंदर 5 किलोमीटर दर्ज की गई थी। भूकंप का केंद्र नासिक जिले में होने के कारण आसपास के कुछ इलाकों में भी इसके झटके महसूस किए गए थे।

भू-वैज्ञानिकों का कहना है कि कम तीव्रता वाले भूकंप अक्सर आते रहते हैं, लेकिन लगातार झटके आने से लोगों में चिंता बढ़ जाती है। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।