नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। सावन माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या यानी हरियाली अमावस्या के अवसर पर बुधवार को देशभर में प्रकृति और शिव आराधना का उत्सव मनाया जा रहा है। इस पावन पर्व पर केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रकृति संरक्षण और वृक्षारोपण का संकल्प दोहराया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “हरियाली अमावस्या के पावन पर्व की सभी श्रद्धालुओं और प्रकृति प्रेमियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती की कृपा हर घर-आंगन में बनी रहे, हर घर में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली हो, यही प्रार्थना है।”
शिवराज सिंह ने कहा, “हरियाली अमावस्या प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का पर्व है। इस पर्व को मनाना तभी सार्थक होगा, जब हम सभी आज कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। वृक्ष मित्र परिवार के सभी सदस्यों ने संकल्प लिया है कि हम हरियाली अमावस्या के इस पावन पर्व को वृक्षारोपण करके मनाएंगे। आइए, इस मंगल अवसर पर शुभकामनाओं के साथ पौधों का आदान-प्रदान करें। पौधे रोपें और संतान की भांति इनकी देखभाल का संकल्प लें।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा, “हरियाली अमावस्या प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, शिव आराधना और सृष्टि के मंगल का पावन पर्व है। इस शुभ अवसर पर देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती से प्रार्थना है कि हर जीवन में सुख, समृद्धि और शांति का संचार हो तथा हमारी धरती सदैव हरियाली और समृद्धि से परिपूर्ण रहे। आप सभी को हरियाली अमावस्या की हार्दिक शुभकामनाएं।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं!”
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हरियाली अमावस्या को भारतीय संस्कृति और प्रकृति के आत्मीय संबंध का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “भारतीय संस्कृति में प्रकृति को सदैव मातृस्वरूप एवं पूजनीय माना गया है। हरियाली अमावस्या इसी सनातन परंपरा और प्रकृति के साथ हमारे आत्मीय संबंध को स्मरण करने का पावन पर्व है।”
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस अवसर पर एक पौधा लगाकर केवल हरियाली बढ़ाने का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन, जल और शुद्ध वायु सुरक्षित रखने का संकल्प लें। उन्होंने कहा, “आइए! मिलकर ‘हरियालो राजस्थान’ के संकल्प को साकार करें और धरती माँ को हरा-भरा, समृद्ध एवं सुरक्षित बनाने में अपना योगदान दें।”
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी हरियाली अमावस्या की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “हरियाली अमावस्या प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, शिव आराधना और सृष्टि के मंगल का पावन पर्व है। इस शुभ अवसर पर देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती से प्रार्थना है कि हर जीवन में सुख, समृद्धि और शांति का संचार हो तथा हमारी धरती सदैव हरियाली और समृद्धि से परिपूर्ण रहे।”

