Wednesday, August 12, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति दिलीप घोष का राहुल गांधी पर हमला, बोले-‘सामने आकर बहस करें, पीछे...

दिलीप घोष का राहुल गांधी पर हमला, बोले-‘सामने आकर बहस करें, पीछे से लड़ाई नहीं लड़ी जाती’

0
5

कोलकाता, 12 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी पर मुश्किल परिस्थितियों में सीधे सामने नहीं आने और दूर बैठकर बयानबाजी करने का आरोप लगाया। घोष ने कहा कि अगर राहुल गांधी में हिम्मत है, तो उन्हें सीधे मौके पर जाकर परिस्थितियों का सामना करना चाहिए।

पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने राहुल गांधी के झारखंड नहीं पहुंचने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि वे दिल्ली में बैठकर केवल विरोध का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी कभी किसी का सामना नहीं करते और न ही आगे आते हैं। उनमें हिम्मत की कमी है। अगर उनमें हिम्मत होती, तो वे सिर्फ दिल्ली में जेन जी के पास नहीं जाते बल्कि झारखंड भी जाते।”

घोष ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और लोकतंत्र में उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। हालांकि विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी केवल बयान देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्हें संसद में आगे आकर सरकार से सवाल पूछने, अपनी बात रखने और मुद्दों पर बहस करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि “लड़ाई पीछे से नहीं लड़ी जाती।”

दिलीप घोष ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार और आरजी कर अस्पताल की घटना को लेकर मुख्यमंत्री को जनता और विपक्ष की आलोचना का सामना करना पड़ा है। घोष ने कहा कि ममता बनर्जी को यह नहीं सोचना चाहिए कि वह हमेशा चुनाव जीतती रहेंगी। राज्य की जनता ने लंबे समय तक कई परेशानियां झेली हैं और अब लोगों के बीच बदलाव की भावना दिखाई दे रही है।

उत्तर 24 परगना में दिलीप घोष ने राज्य में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के शहरों, गांवों और अन्य इलाकों में उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में सरकार की ओर से भी क्षेत्र में बड़ी रैलियों का आयोजन किया गया।