Thursday, August 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भारत में पीएम मोदी और गृह मंत्री के नेतृत्व में बना देशभक्ति...

भारत में पीएम मोदी और गृह मंत्री के नेतृत्व में बना देशभक्ति का माहौल: नवीन जैन

0
6

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद नवीन जैन ने लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पहली बार ‘वंदे मातरम्’ गीत के गायन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि देश में ‘एक देश, एक कानून’ के सिद्धांत और समान नियमों के तहत मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, मदरसा, स्कूल या किसी भी जाति-धर्म के शिक्षण संस्थान में 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देशभक्ति का माहौल बना है।

नई दिल्ली में नवीन जैन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यही माहौल अब कश्मीर से कन्याकुमारी तक देखने को मिल रहा है। ऐसा लगता है कि भारत एक है। हर जगह ‘वंदे मातरम्’ गाया जा रहा है और तिरंगा फहराया जा रहा है। देश के लिए इससे ज्यादा खुशी की बात और कुछ नहीं हो सकती। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का दिल से आभार व्यक्त किया।

विपक्ष को लेकर गृहमंत्री अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए नवीन जैन ने कहा कि शुरुआत में विपक्षी पार्टियां, खासकर कांग्रेस, कहती थीं कि मामला छात्रों से जुड़ा है, इसलिए गृह मंत्री को सदन में आकर लाठीचार्ज के मुद्दे पर बयान देना चाहिए। जब गृह मंत्री बयान देने के लिए तैयार हुए तो विपक्ष इससे पीछे हटने लगा। विपक्ष अपनी मर्जी से राज्यसभा और लोकसभा चलाना चाहता है, लेकिन सदन अपने नियमों और संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार ही चलेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह के सदन में आने की इच्छा जताने के बाद विपक्ष सदन से बाहर चला गया, बहिष्कार किया और हंगामा किया।

छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए नवीन जैन ने कहा कि जब देश में पेपर लीक होता है तो कांग्रेस प्रदर्शन करने वालों का समर्थन करती है और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करती है, लेकिन झारखंड में पेपर लीक होने पर जहां उसकी सरकार है, कांग्रेस इस मुद्दे पर विरोध नहीं करती। कर्नाटक और पंजाब में भी पेपर लीक के मामलों पर कांग्रेस का विरोध दिखाई नहीं देता। विपक्ष को सभी राज्यों में छात्रों के मुद्दों को समान रूप से उठाना चाहिए।

रांची छात्रों के विरोध प्रदर्शन और लाठीचार्ज पर भाजपा सांसद ने झारखंड सरकार और विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जिससे कई छात्रों के सिर, पैर और घुटनों में चोटें आईं और कुछ की हड्डियां तक टूट गईं। झारखंड में छात्रों के साथ जो हुआ, वह बेहद गलत है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को चाहिए कि राज्यसभा में झारखंड और दिल्ली दोनों मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हो, लेकिन विपक्ष तो चर्चा से भाग रहा है। देश की जनता राहुल गांधी से भी इन मुद्दों पर जवाब मांगना चाहती है।

एफसीआरए बिल को लेकर नवीन जैन ने कहा कि यह देश की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत में आने वाले विदेशी चंदे के इस्तेमाल को लेकर सरकार को यह जानने का अधिकार है कि धन का सही तरीके से उपयोग हो रहा है या नहीं। सरकार को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि विदेशी चंदे का इस्तेमाल देश-विरोधी गतिविधियों या देश को कमजोर करने वाली गतिविधियों के लिए न हो।

नवीन जैन ने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों से अपील की कि वे इसे वोट बैंक की राजनीति के नजरिए से न देखें और राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्री अमित शाह यह बिल ला रहे हैं तो इसका समर्थन करते हुए इसे पारित कराने में सहयोग करें।